दिल्ली व आगरा कनेक्शन की जानकारी के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाकर किया गिरफ्तार
कानपुर। कानपुर पुलिस ने एक बार फिर से बड़े सट्टेबाजी का पर्दाफाश कर चार सटोरियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए सटोरियों के कब्जे से दो करोड़ से अधिक की नकदी बरामद की गई है। सटोरियों को दबोचने में कानपुर पुलिस को दिल्ली व आगरा से उनके बारे में मिली जानकारी के आधार पर सफलता मिली है। सटोरियों के पकड़े जाने का खुलासा पुलिस अधीक्षक पश्चिम डॉ. अनिल कुमार व पुलिस अधीक्षक दक्षिण दीपक भूकर ने बुधवार को संयुक्त पत्रकार वार्ता कर की। संयुक्त रुप से दोनों एसपी ने बताया कि जनपद में सटोरियों की धरपकड़ के लिए जानकारी जुटाई जा रही थी। इस बीच दिल्ली व आगरा से जानकारी मिली कि जनपद में कई सटोरियें सक्रिय हैं। उनके बारे में साक्ष्य जुटाकर उपलब्ध कराई जाए, ताकि कार्यवाही की जा सके। इस सूचना पर सर्विलांस की टीमों को सटोरियों की लोकेशन का पता लगाने में लगाया गया। सटीक जानकारी मिलने पर पुलिस की कई टीमों को लगाकर अलग-अलग क्षेत्रों से चार सटोरियों को दबोच लिया गया।
पकड़े गए सटोरियों में नौबस्ता पुलिस ने यशोदा नगर निवासी अनिल गुप्ता उर्फ अनीश, विनय मिश्रा, गोविन्द नगर क्षेत्र स्थित नटराज सिनेमा के पीछे से सौरभ अरोड़ा व रायपुरवा निवासी सुपारी कारोबारी विनय कुमार गुप्ता उर्फ विक्की को अफीम कोठी से गिरफ्तार किया गया है। इन सभी के कब्जे से दो करोड़ सात लाख की नकदी बरामद की गई है। बरामद नकदी में सबसे ज्यादा विनय गुप्ता के पास से रकम एक करोड़ 90 लाख 50 हजार रुपये मिली है। इसके बाद गोविन्द नगर से पकड़े गए सौरभ के पास 10 लाख छह हजार व नौबस्ता से दबोचे गए छह लाख 52 हजार रुपये बरामद हुए हैं।
एसपी पश्चिम ने बताया कि पूछताछ में सटोरियों के दिल्ली के कपूर नाम के शख्स मुख्य सटोरिया है। उसने आगरा के विक्की व अंकुश को अपना सहयोगी बना रखा है। सहयोगी के जरिए ही कानपुर में पकड़े गए चारों सटोरियें अपना यह गोरखधंध चलाते हैं। यहां पर वह एक आईडी के जरिए पूरा सट्टा का काम चलाते हैं। यह गिरोह क्रिकेट के साथ-साथ अन्य कई जगहों पर सट्टेबाजी के लिए रकम लगवाते हैं। सटोरियों के पास से पुलिस ने डायरी व बरामद मोबाइलों में पूरी सट्टे की गतिविधियों के सबूत मिले हैं। पुलिस ने गिरफ्तार सटोरियों से मिली जानकारी के बाद आगरा के दोनों सट्टेबाजों के ठिकानों पर छापेमारी की, लेकिन वह फरार हो चुके थे। पुलिस ने उनकी तलाश में जुटी हुई हैं। बताते चलें कि कानपुर जनपद में बीते दिनों आईपीएल मैच की शुरुआत के साथ ही पुलिस ने सटोरियों के खिलाफ धरपकड़ अभियान चलाना शुरु किया था। लगातार शहर के कई बड़े सटोरियों को पकड़ते हुए पुलिस ने जेल भेजा और अभी कई अन्य की खोजबीन जारी है। ऐसे में आने वाले दिनों में और भी सटोरियों जिले में पकड़े जा सकते हैं। फिलहाल बुधवार को पकड़े गए चार सटोरियों से बरामद रकम अब तक की सबसे ज्यादा बरामदगी है।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal