
लखनऊ। उत्तर प्रदेश एनसीसी निदेशालय, लखनऊ ने 01 अप्रैल 2022 से एक अनूठे पहल पुनीत सागर अभियान की शुरूआत की। यह एक राष्ट्रव्यापी अभियान है, जिसके अंतर्गत संपूर्ण भारत में नदियों, झीलों, तथा समुद्र तटों की सफाई की जायेगी एवं एनसीसी कैडेटों द्वारा प्लास्टिक कचरे का संग्रह तथा निस्तारण किया जायेगा। साथ ही साथ पर्यावरण व जल निकायों के संरक्षण के बारे में एनसीसी कैडेट जागरूकता रैली भी निकालेंगे।

यह अभियान उत्तर प्रदेश राज्य की विभिन्न नदियों जैसे गंगा, यमुना, गोमती, शारदा, राप्ती, घाघरा, सोन आदि जल निकायों को आच्छादित करेगा। पुनीत सागर अभियान में लगभग 40,000 एनसीसी कैडेट एवं पूर्व एनसीसी कैडेट हिस्सा लेंगे।
स्वच्छता अभियान के साथ-साथ एनसीसी कैडेट जल निकायों को साफ रखने एवं प्लास्टिक कचरे के निस्तारण के लिए भी आम जनता को जागरूक करने के उद्देश्य से रैलियां निकालेंगे। यह अभियान 5 दिनों तक चलेगा तथा 05 अप्रैल को नेशनल मैरिटाइम (समुद्री) दिवस के अवसर पर सम्पन्न होगा।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal