श्रीकल्कि धाम के पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम को मिली जान से मारने की धमकी

संभल : उत्तर प्रदेश के संभल के एंचौड़ा कम्बोह स्थित श्रीकल्कि धाम के पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम काे फोन पर जान से मारने की धमकी मिली है। धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान कुलवीर सिंह सिद्धू के रूप में बताई गई है।

 

एंचौड़ा कम्बोह में आचार्य प्रमोद कृष्णम ने शनिवार काे प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि उन्हें अंतरराष्ट्रीय नंबरों से धमकी भरे कॉल आ रहे थे। दो-तीन दिन पहले एक ऑडियो मैसेज के जरिए उन्हें बम से उड़ाने और रॉकेट लॉन्चर से हमला करने की धमकी दी गई। उनके मुताबिक धमकी देने वाले ने अपना नाम कुलवीर सिंह सिद्धू बताया है।

 

उन्होंने बताया कि धमकी भरे ऑडियो और संबंधित नंबर को उत्तर प्रदेश पुलिस, संभल के पुलिस अधीक्षक, पंजाब पुलिस और केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेज दिया गया है। उन्होंने ऑडियो की ट्रांसक्रिप्ट भी अधिकारियों को उपलब्ध कराई है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के हवाले से धमकी देने वाले को बब्बर खालसा से जुड़ा बताया। हालांकि इस संबंध में पुलिस की आधिकारिक पुष्टि सामने आना बाकी है।

 

आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि कुछ ताकतें देश को बांटना चाहती हैं और हिंदू-सिख के बीच अलगाव पैदा करना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि श्रीकल्कि धाम में गुरु गोविंद सिंह जी महाराज, भगवान महावीर और भगवान बुद्ध की प्रतिमाएं स्थापित करने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने कहा कि गुरु गोविंद सिंह जी महाराज की प्रतिमा कल्कि धाम में स्थापित होकर रहेगी और निर्माण कार्य किसी भी कीमत पर नहीं रुकेगा।

 

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सुरक्षा और कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि उनकी हत्या होती है तो कल्कि धाम का निर्माण नहीं रुकना चाहिए। उन्होंने सरकार से कल्कि धाम ट्रस्ट को अपने अधीन लेने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि वह अपने संकल्प से पीछे नहीं हटेंगे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com