सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राम मंदिर का मामला फिलहाल सुप्रीम कोर्ट में है

दैनिक जागरण ने अपनी सृजन यात्रा के 75 वर्ष पूरे कर लिए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में इस दो दिवसीय फोरम का उद्घाटन किया। पीएम मोदी ने हीरक जयंती पर जागरण परिवार को बधाई दी और कहा कि नए भारत के, नए सपनों को साकार करने में दैनिक जागरण की एक महत्वपूर्ण भूमिका रहने वाली है।

फोरम को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी संबोधित किया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में राम मंदिर को लेकर बड़ा बयान किया। उन्होंने कहा कि राम मंदिर का मामला फिलहाल सुप्रीम कोर्ट में है। यह मामला उत्तर प्रदेश सरकार के पास होता तो हम 24 घंटे में इसका समाधान कर देते। कोर्ट के मामले पर संसद चर्चा नहीं की जाती है। उन्होंने कहा कि देश के सौहार्द और सदभाव के लिए राम मंदिर बनना चाहिए। जब उनसे पूछा गया कि राम मंदिर के निर्माण में कहां रोड़ा अटका है तो उन्होंने कहा कि जो देश की भावनाएं हैं, वहीं मेरी भी भावनाएं हैं।

उन्होंने कहा कि भारत में लोकतंत्र की स्वस्थ्य परंपराएं जरूरी है। भारत संविधान से चलेगा, हम हर हाल में उसका सम्मान करेंगे। अगले आम चुनावों के बारे में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी को उत्तर प्रदेश में पिछली बार से ज्यादा सीटें मिलेंगी। केंद्र में भाजपा एक बार फिर मोदी जी के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कोई मॉब लिंचिंग नहीं है। बुलंदशहर की घटना एक दुर्घटना है। हम उत्तर प्रदेश में गौवंश के गैरकानूनी वध पर हम सख्त हैं। यहां गायों के लिए हर नगर पालिका को दस लाख रुपये दिए गए हैं। सभी जनपदों को 5000 से अधिक गोवंश को रखने के लिए सभी व्यवस्था दी गई है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दौरान उत्तर प्रदेश के साथ ही केंद्र सरकार के विकास के कार्यों का खाका भी खींचा। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राजनीति दीर्घकालीन धर्म है जबकि धर्म अल्पकालीन राजनीति है। उन्होंने कहा कि हमारे देश में अब जाति की राजनिति होती है, जो कि उचित नहीं है। धर्म और राजनीति एक दूसरे के पर्याय है। हमारे लिए तो राजनीति दीर्घकालीन धर्म है और धर्म अल्पकालिक राजनीति। राजनीति हमारे लिए सेवा का साधन है।

उन्होंने कहा कि काशी में देव दीपावली के अवसर पर पूरी दुनिया उमड़ी थी। काशी के विकास को पीएम नरेंद्र मोदी ने नई ऊंचाइयां दी हैं। दुनिया के दर्जनों देश हैं जिन्होंने राम की विरासत को स्वीकार किया है। यह तो सत्य है कि दुनिया का राम के साथ भावनात्मक रिश्ता है। कम्युनिस्टों को अपने धर्म और संस्कृति की जानकारी होती तो वे राम के अस्तित्व पर सवाल नहीं उठाते। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमारी सरकार ने आयोध्या को उसकी पहचान दिलाने का प्रयास किया है। हम यूपी में रामराज्य की अवधारणा साकार कर रहे हैं। सिर्फ नारों से नहीं रचनात्मक सोच के साथ करने से विकास किया जा सका है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश भारत का आध्यात्मिक व सांस्कृतिक प्रतिनिधित्व करता है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एलईडी लाइट से उत्तर प्रदेश में बिजली का बिल कम हुआ है। यूपी में आठ लाख स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं। अब हर आदमी को राशन मिल रहा है और सरकार को 1200 करोड़ का फायदा हो रहा है। आधार कार्ड को राशन कार्ड से जोड़कर भ्रष्टाचार पर लगाम लगाई है। हमने साढ़े तीन करोड़ राशन कार्ड उपलब्ध कराएं है। हमारे सत्ता में आने से पहले उत्तर प्रदेश में तीस लाख फर्जी राशन कार्ड थे। स्वच्छ मिशन अभियान के तहत 30 दिसंबर तक यूपी में सबके पास टायलेट होंगे। देश में 4 करोड़ लोगों के पास बिजली के कनेक्शन नहीं थे तो इनमें से दो करोड़ यूपी में थे। आगामी 30 दिसंबर तक हम इन सभी दो करोड़ लोगों को बिजली कनेक्शन मुहैया करा देंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विकास के नाम पर तो कोई बात कर ही नहीं रहा है, क्योंकि उनको भी दिख रहा है कि साढ़े चार वर्ष में केंद्र तथा करीब दो वर्ष में उत्तर प्रदेश की सरकार ने विकास का इतना काम किया है कि जो बरसों तक नहीं हो सका है। देश ने पिछले चार साल में अभूतपूर्व प्रगति की है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब तक सिर्फ 13 मेडिकल कॉलेज थे, हम 15 नए सरकारी मेडिकल कॉलेज बना रहे हैं। यूपी में अनेक संभावनाएं छुपी हैं। यूपी में किसान को तकनीक मिल जाए तो उत्तर प्रदेश अकेले पूरी दुनिया का पेट भरने का दम रखता है। गंगा और यमुना का सर्वाधिक प्रभाव क्षेत्र यूपी में है। जिसका अब लोगों को भी लाभ मिल रहा है। स्वतंत्रता आंदोलन में यूपी ने जबरदस्त योगदान दिया है।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लोगों का दैनिक जागरण के साथ भावनात्मक लगाव है। दैनिक जागरण की विकास यात्रा को मैंने पिछले 25-30 वर्षों में नजदीक से देखा है। इनके सफल 75 वर्ष पूरा होने पर मैं दैनिक जागरण परिवार को हृदय से बधाई देता हूं। 

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com