अखिलेश यादव को अपने भविष्य के बारे में सोचना चाहिए -स्वतंत्र देव

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सपा मुखिया पर किया पलटवार

वाराणसी : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर बुधवार को जमकर निशाना साधा। सपा मुखिया के हालिया बयानों पर पलटवार कर स्वतंत्र देव ने कहा कि ये लोग देश को गुमराह कर रहे हैं। शहर में आये प्रदेश अध्यक्ष बाबा विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी लगाने के बाद ज्ञानवापी क्रासिंग पर मीडिया से रूबरू थे। उन्होंने केन्द्र सरकार के ऐतिहासिक कार्यों जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने, सर्जिकल व एयर स्ट्राइक, तीन तलाक समाप्त करने, प्रधानमंत्री आवास योजना और आयुष्मान योजना, नागरिकता संशोधन एक्ट आदि का उल्लेख कर कहा कि सरकार की कार्य योजनाएं देश हित में हैं। ऐसे में अखिलेश यादव को इसमें समस्या दिखती है तो उन्हें अपने भविष्य के विषय में सोचना चाहिए। नागरिकता संशोधन एक्ट के विरोध से जुड़े सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में पूरी तरह शान्ति है। प्रदेश अध्यक्ष ने दर्शन पूजन के बाद हरहुआ स्थित एक लॉन में पार्टी की ओर से आयोजित मंडल प्रवासियों की कार्यशाला में भाग लिया। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी के स्थानीय जिलाध्यक्ष, पूर्व जिलाध्यक्ष, काशी क्षेत्र के पदाधिकारियों से प्रवास को लेकर संवाद किया।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com