भोपाल : मध्य प्रदेश में आज से तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गीता जयंती के मौके पर इसका शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के 313 विकासखंड, 55 जिला मुख्यालय और 10 संभागों में आचार्यों की सन्निधि में 3 लाख से अधिक गीताभक्तों द्वारा एक साथ श्रीमद्भगवद्गीता के 15वें अध्याय का सामूहिक सस्वर पाठ किया जाएगा।
गीता जयंती पर उज्जैन, भोपाल एवं इंदौर में विशेष आयोजन किए जा रहे हैं। इंदौर के राजवाड़ा स्थित गोपाल मंदिर में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में मध्य प्रदेश के पहले गीता भवन का लोकार्पण होगा। इस अवसर पर मध्य प्रदेश में 16 से 28 नवंबर 2025 तक आयोजित हुई श्रीमद्भगवद्गीता ज्ञान प्रतियोगिता के विजेताओं के नामों की घोषणा भी की जाएगी।
मुख्यमंत्री के सांस्कृतिक सलाहकार एवं वीर भारत न्यास के न्यासी सचिव श्रीराम तिवारी ने बताया कि गीता जयंती पर मध्य प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव भव्य स्तर पर मनाया जा रहा है। इस मौके पर उज्जैन के दशहरा मैदान पर 3 दिसंबर तक विविध सांस्कृतिक आयोजन किए जा रहे है। इसमें पहले दिन अभिनेता पुनीत इस्सर द्वारा निर्देशित नृत्य नाटिका जय श्रीकृष्णा का मंचन होगा। दूसरे दिन नई दिल्ली की वैष्णवी शर्मा का काव्य पाठ विराटजयी तथा मुंबई के मोहित शेवानी एवं दल द्वारा कृष्णायन की सांगीतिक प्रस्तुति होगी। अंतिम दिन उमेश तरकसवार द्वारा निर्देशित विश्ववंदनीय एवं बैंगलोर के डॉ. सलाउद्दीन पाशा द्वारा निर्देशित गीता ऑन व्हील्स की प्रस्तुति होगी। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर लघु चित्र शैली में माधव दर्शनम् प्रदर्शनी को प्रदर्शित किया जा रहा है।
भोपाल के रवीन्द्र भवन में दिव्यांग कलाकार करेंगे गीता ऑन व्हील्स का मंचनश्रीराम तिवारी ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के मुख्य आतिथ्य में दोपहर एक बजे रविन्द्र भवन में श्रीमद्भगवद्गीता के 15वें अध्याय का सस्वर पाठ एवं प्रदर्शनी का लोकार्पण होगा। रवीन्द्र भवन के हंसध्वनि सभागार में मोहित शेवानी के निर्देशन में कृष्णायन की प्रस्तुति होगी। यह प्रस्तुति भगवान श्रीकृष्ण और मध्य प्रदेश की कहानी पर केंद्रित है। आधुनिक तकनीकों का उपयोग करते हुए इस प्रस्तुति को आकर्षक एवं रोचक बनाने का प्रयास किया गया है। इसके पूर्व बेंगलुरू के डॉ. सलाउद्दीन पाशा के निर्देशन में गीता ऑन व्हील्स जिसमें दिव्यांग कलाकार गीता के प्रसंगों को मंचित करेंगे तथा विश्व गीता प्रतिष्ठानम् की ओर से श्रीमद्भगवद्गीता नृत्य नाटिका की प्रस्तुति होगी। प्रस्तुतियाँ शाम 6 बजे शुरू होंगी।
इंदौर के गोपाल मंदिर में होंगे आयोजनउन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव एवं हरियाणा के मुख्यमंत्री सैनी इंदौर के मुख्य आतिथ्य में मध्यप्रदेश के पहले गीता भवन-गोपाल मंदिर का लोकार्पण किया जाएगा। साथ ही प्रदेश में 16 से 28 नवंबर 2025 तक आयोजित हुई श्रीमद्भगवद्गीता ज्ञान प्रतियोगिता के विजेताओं के नामों की घोषणा की जायेगी। पुरस्कारों का वितरण गणतंत्र दिवस 26 जनवरी 2026 के मौके पर होगा। इस अवसर पर संजीव मालवीय द्वारा निर्देशित नृत्य नाटिका कृष्णायन की प्रस्तु
ति होगी।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal