न्यायमूर्ति ए. मोहम्मद मुश्ताक बने सिक्किम उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश, राज्यपाल ने शपथ दिलाई

गंगटोक : न्यायमूर्ति ए. मुहम्मद मुश्ताक ने सिक्किम उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के तौर पर शपथ ली है। सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर ने आज राजधानी के लोक भवन में हुए शपथ ग्रहण समारोह में सिक्किम उच्च न्यायालय के नव नियुक्त मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति ए. मुहम्मद मुश्ताक को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

 

लोक भवन की आशीर्वाद हॉल में हुए शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग, सिक्किम विधानसभा के अध्यक्ष एमएन शेरपा और उपाध्यक्ष राज कुमारी थापा, सिक्किम उच्च न्यायालय की न्यायाधीश न्यायमूर्ति मीनाक्षी मदार राई, न्यायाधीश न्यायमूर्ति भास्कर राज प्रधान, मंत्रीगण, विधायकगण तथा अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

 

इससे पहले, सिक्किम सरकार के मुख्य सचिव आर. तेलांग ने मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मुश्ताक की नियुक्ति अधिसूचना और वारंट पढ़ा। शपथ ग्रहण समारोह के बाद राज्यपाल, मुख्यमंत्री तथा उपस्थित गणमान्य लोगों ने नव नियुक्त मुख्य न्यायाधीश को बधाई दी।

 

केरल उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति ए. मुहम्मद मुश्ताक ने आज से सिक्किम उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश का पद संभाल लिया है। वे सिक्किम उच्च न्यायालय के निवर्तमान मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति विश्वनाथ सोमद्दर की जगह लेंगे।

 

मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने सिक्किम उच्च न्यायालय के नव नियुक्त मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मुश्ताक के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने पर खुशी जताई है। उन्होंने आज सोशल मीडिया फेसबुक पर एक पोस्ट में न्यायमूर्ति मुश्ताक को अपनी शुभकामनाएं दीं है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com