केंद्रीयमंत्री गडकरी आज दिल्ली में करेंगे मप्र की सड़क परियोजनाओं की समीक्षा

भोपाल : केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्गमंत्री नितिन गडकरी आज नई दिल्ली में मध्य प्रदेश की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे। बैठक में मध्य प्रदेश के लोक निर्माण विभाग के मंत्री राकेश सिंह, मध्य प्रदेश लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) एवं सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय से संबद्ध अधिकारी शामिल होंगे।

 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण को नई गति प्रदान करने के लिए आज केंद्रीयमंत्री नितिन गडकरी की अध्यक्षता में बैठक होगी। नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम परिसर में शाम पांच बजे होने वाली बैठक में मध्य प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा होगी। इससे केन्द्र और राज्य सरकार के बीच समन्वय को और अधिक मजबूती मिलेगी। साथ ही आम नागरिकों को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक सड़क अवसंरचना उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।

 

डॉ. यादव ने बताया कि बैठक में मध्य प्रदेश में संचालित एवं प्रस्तावित राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा की जाएगी। विशेष रूप से वे परियोजनाएं जो भूमि अधिग्रहण, पर्यावरण एवं वन स्वीकृतियों अथवा अन्य कारणों से प्रभावित या लंबित हैं, उन पर विस्तार से चर्चा कर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा, जिससे निर्माण कार्यों को शीघ्र गति प्रदान की जा सके।

 

लोक निर्माण विभाग के अनुसार, मध्य प्रदेश में वर्तमान में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अंतर्गत 33 कार्य तथा राष्ट्रीय राजमार्ग के अंतर्गत 28 कार्य प्रगतिरत हैं। इस प्रकार प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों से संबंधित कुल 61 परियोजनाएं वर्तमान में क्रियान्वयन की अवस्था में हैं। समीक्षा बैठक में वार्षिक योजना 2025-26 के अंतर्गत प्रस्तावित एवं प्रगतिरत राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी, जिससे आगामी वित्तीय वर्ष में परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन, गुणवत्ता नियंत्रण एवं समन्वित निगरानी को और सुदृढ़ किया जा सके।

 

उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों की कुल लंबाई 9,300 किलोमीटर से अधिक है, जो राज्य की आर्थिक प्रगति, औद्योगिक विकास, पर्यटन विस्तार तथा सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। बैठक में मध्य प्रदेश की भविष्य की राष्ट्रीय राजमार्ग विकास योजनाओं पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा, जिससे प्रदेश में सड़क कनेक्टिविटी को और अधिक व्यापक, सुरक्षित एवं आधुनिक बनाया जा सके।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com