भाजपा अध्यक्ष पद के लिए नितिन नबीन का नामांकन, औपचारिक घोषणा कल

नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव में सोमवार को उम्मीदवार के रूप में सिर्फ कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने नामांकन किया। अब उनके निर्वाचन की सिर्फ औपचारिक घोषणा बाकी है, जो मंगलवार को की जाएगी।

 

पार्टी के राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी डॉ. के. लक्ष्मण ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया आज अपराह्न 2 से शाम 4 बजे तक पार्टी के केंद्रीय मुख्यालय में चली और उसके बाद उसकी जांच की गयी। अध्यक्ष पद के लिए कुल 37 सेटों में नामांकन पत्र दाखिल किए गए, जो सभी नितिन नबीन के पक्ष में थे। जांच के बाद सभी नामांकन पत्र नियमों के अनुरूप पाए गए। अब मंगलवार को पूर्वाह्न 11 बजे निर्वाचन की औपचारिक घोषणा की जाएगी।

 

डॉ. लक्ष्मण ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया 36 प्रदेशों में से 30 प्रदेश अध्यक्षों के चुनाव सम्पन्न होने के बाद शुरू की गयी, जो न्यूनतम आवश्यक 50 प्रतिशत से अधिक है। 16 जनवरी को निर्वाचन कार्यक्रम की अधिसूचना जारी की गई थी और उसी दिन निर्वाचन सूची का प्रकाशन किया गया।

 

झारखंड भाजपा के पूर्व अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भाजपा एक कैडर आधारित पार्टी है, जहां एक साधारण कार्यकर्ता भी सर्वोच्च पद तक पहुंच सकता है। उन्होंने नितिन नबीन को जीत की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में पार्टी और अधिक मजबूत होगी।

 

उल्लेखनीय है कि भाजपा की स्थापना 1980 में हुई थी और अब तक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, कुशाभाऊ ठाकरे, बंगारू लक्ष्मण, के. जनाकृष्णमूर्ति, एम. वेंकैया नायडू, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, अमित शाह इस पद पर रह चुके हैं। जेपी नड्डा मौजूद अध्यक्ष हैं।———-

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com