ललितपुर के वेंडर का रक्तरंजित शव झांसी में मिला

झांसी : नवाबाद थाना क्षेत्र के पुलिया नंबर 9 जाने वाले मार्ग पर झाड़ियों में खून से सने पड़े शव की सूचना मिलने पर हड़कंप मच गया। मृतक के सिर में कनपटी पर चोट का निशान है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण करते हुए साक्ष्य संकलित कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पास से बरामद हुए पहचान पत्र से उसकी शिनाख्त हुई। मृतक रेलवे स्टेशन पर वेंडर के रूप में कार्य कर रहा था। रेलवे में वेंडर होने की वजह से इस हत्याकांड का खुलासा करने में नवाबाद पुलिस के साथ जीआरपी थाना पुलिस भी छानबीन में जुट गई है।

 

जानकारी के मुताबिक रविवार की सुबह रेलवे स्टेशन से पुलिया नंबर नौ जाने वाले मार्ग पर आज सुबह राहगीरों ने विश्वासी हनुमान मंदिर के पास झाड़ियों में एक युवक का रक्तरंजित शव देखा। आनन-फानन में घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर नवाबाद पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। मृतक के शव की जांच-पड़ताल की। आशंका जाहिर की जा रही है कि मृतक की कनपटी पर चोट का निशान है, जिससे उसकी मौत हो गई। उसकी हत्या कर शव को यहां फेंका गया है। चोट किस वस्तु से लगी, पुलिस ने इसके लिए उसके शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के पास से बरामद पहचान पत्र में वह रेलवे का वेंडर है, उसका नाम जगभान कुशवाहा बताया गया। वह जिला ललितपुर के तालबेहट का निवासी है। नवाबाद पुलिस के साथ थाना जीआरपी पुलिस भी मामले की छानबीन कर इस हत्याकांड का पर्दाफाश करने में जुटी है।

 

एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि सुबह पुलिया नम्बर 9 के मार्ग पर शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस व फोरेंसिक टीम ने जांच कर साक्ष्य संकलित किये। शव के पास से आधार कार्ड कुछ खाद्य पदार्थ व एक शराब का पाउच बरामद किया है। आधार कार्ड के आधार पर मृतक 45 वर्षीय जगभान कुशवाहा निवासी तालबेहट जिला ललितपुर बताया जा रहा है। अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com