भारत ने पाकिस्तान के ‘बेबुनियाद’ आरोपों को किया खारिज

नई दिल्ली : भारत के विदेश मंत्रालय ने रविवार को पाकिस्तान के उन दावों को खारिज कर दिया, जिनमें बलूचिस्तान में हुए हालिया आतंकवादी हमलों के लिए भारत को जिम्मेदार ठहराने की कोशिश की गई थी।

 

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, “हम पाकिस्तान के बेबुनियाद आरोपों को साफ तौर पर खारिज करते हैं। यह उसकी अपनी आंतरिक नाकामियों से ध्यान भटकाने की पुरानी चाल के अलावा और कुछ नहीं है। हर बार जब कोई हिंसक घटना होती है, तो बेमतलब के दावे दोहराने के बजाय पाकिस्तान को अपने लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांगों को पूरा करने पर ध्यान देना चाहिए।”

 

भारत ने आगे पाकिस्तान को नसीहत देते हुए कहा कि दमन, क्रूरता और मानवाधिकारों के उल्लंघन का उसका रिकॉर्ड पूरी दुनिया के सामने जगजाहिर है।

 

उल्लेखनीय है कि बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने शनिवार को बलूचिस्तान के 14 शहरों में हुए एक साथ समन्वित हमलों की ज़िम्मेदारी ली, जिसे उसने ‘ऑपरेशन हेरोफ़ 2.0’ नाम दिया है। ग्रुप ने कहा कि उसने पाकिस्तानी सेना, प्रशासनिक इमारतों और सुरक्षा ढांचे को अपना मुख्य लक्ष्य बनाया। उसने दावा किया कि इन हमलों में 84 पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मी मारे गए हैं और 18 को जीवित पकड़ा गया है।

 

इसके अलावा, 30 सरकारी संपत्तियों पर या तो कब्जा कर लिया गया या उन्हें नष्ट कर दिया गया। साथ ही, लगभग 23 वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com