भारत के भविष्य को सशक्त बनाने वाला है केंद्रीय बजट : अरुण सिंह

रांची : भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के राष्ट्रीय महामंत्री और सांसद अरुण सिंह ने कहा कि सदन में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा 9वीं बार लगातार प्रस्तुत बजट सराहनीय,ऐतिहासिक और भारत के भविष्य को सशक्त बनाने वाला बजट है।

 

उन्होंने कहा कि यह भारत के हर नागरिक के सपनों आकांक्षाओं और भविष्य की मजबूत नींव रखने वाला बजट है। यह बातें श्री सिंह ने सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में एक प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों से कही।

 

उन्होंने कहा कि बजट युवाओं के सपनों को उड़ान देगा,किसानों के विश्वास को मजबूत करेगा, महिलाओं को आत्मनिर्भरता देगा, माध्यम और गरीब वर्ग को मजबूती देगा।

 

उन्होंने कहा कि आज का भारत तेजी से रिफॉर्म,परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म में विश्वास करता है। इस बजट में मध्यम वर्ग को बड़ी राहत दी गई। जिला स्तर पर बायोफार्मा केंद्र से गुणवत्ता पूर्ण इलाज होगा,टीडीएस में आवेदन समाप्त किया गया,17 जीवन रक्षक दवाइयों से सीमा शुल्क कम या शून्य किया गया। बच्चों को बाहर पढ़ना भी सस्ता किया गया है।

 

उन्होंने कहा कि यह बजट युवाओं को प्रोत्साहित करने वाला है। एमएसएमई क्षेत्र में 10 हजार करोड़ का आवंटन युवा उद्यमियों को प्रोत्साहन देगा। पर्यटन के क्षेत्र में युवा गाइड का प्रशिक्षण के साथ शिक्षा क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए उच्चाधिकार समिति गठित करने का प्रस्ताव है।

 

उन्होंने बताया कि देश के हर जिले में महिला छात्रावास की स्थापना,लखपति दीदी के तर्ज पर क्रेडिट लिंक्ड आजीविका से उद्यम स्वामित्व का कार्य प्रारंभ होगा। कृषि के साथ अर्थव्यवस्था की रीढ़ को मजबूत करने की दिशा में कार्य प्रारंभ होंगे। भारत विस्तार एआई टूल के माध्यम से कृषि को तकनीक से जोड़ा जाएगा। राष्ट्रीय फाइबर योजना से रेशम उद्योग को बढ़ावा मिलेगा।

 

उन्होंने कहा कि अमृत सरोवरों,जलाशयों में मछलीपालन,पशु चिकित्सक की संख्या बढ़ाने के लिए पूंजी सब्सिडी योजना प्रारंभ होगी। एक तरफ सेमी कंडक्टर,रासायनिक पार्क के लिए प्रावधान है, वहीं खादी हैंडलूम को बढ़ावा देने के लिए महात्मा गांधी ग्राम स्वराज योजना भी शुरू होगी।

 

उन्होंने कहा कि भारत रक्षा क्षेत्र को मजबूत करने में मोदी सरकार की कसर नहीं छोड़ रही है। आज मिसाइल या अन्य अस्त्र—शस्त्र स्वदेशी तैयार हो रहे हैं, साथ ही रक्षा क्षेत्र में भारत बड़ा निर्यातक देश बना है। उन्होंने कहा कि पिछले 11वर्षों में मोदी सरकार ने स्वास्थ्य बजट में तिगुना,रक्षा क्षेत्र में तिगुना,सड़क निर्माण में छह गुणा आवंटन बढ़ाया है।

 

उन्होंने कहा कि जहां तक झारखंड की बात है। इस बजट में टैक्स से 51,236 करोड़ रुपये झारखंड को मिलेंगे, जबकि ग्रांट्स इन ऐड के रूप में 17,057 करोड़ रुपये मिलेंगे। विशेष सहायत अनुदान के लिए 11567 करोड़ रुपये मिलेंगे। उन्होंने कहा कि झारखंड के लिए पिछले 11 वर्षों में 16 गुना राशि बढ़ाई गई।

 

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के प्रयासों से आज झारखंड में 18.8 लाख किसान पीएम किसान सम्मान योजना का लाभ ले रहे। 1.35 करोड़ लोगों के आयुष्मान कार्ड हैं, पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना से 2.64 करोड़ लोगों तक पांच किलो अनाज प्रतिमाह दिए जा रहे। जल जीवन मिशन में 34.4 लाख घरों तक नल जल योजना पहुंची है। अटल पेंशन योजना में 25.6 लाख लाभार्थी हैं,पीएम सुरक्षा बीमा योजना में 1.6 करोड़ लोगों का पंजीकरण है।

 

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार विकसित भारत के साथ विकसित झारखंड का भी संकल्प पूरा करने का प्रयास कर रही। उन्होंने कहा कि लेकिन राज्य की ठगबंधन सरकार केंद्रीय राशि को घोटाला और भ्रष्टाचार में बर्बाद कर रही।आर्थिक कुप्रबंधन और भ्रष्टाचार चरम पर है।

 

उन्होंने कहा कि केंद्र की योजनाओं के अलावा झारखंड सरकार यह नहीं बता सकती कि उसने कौन से बड़ी योजना को पिछले छह वर्षों में साकार किया है। प्रेसवार्ता में प्रदेश महामंत्री एवं सांसद डॉ प्रदीप वर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक उपस्थित रहे।———–

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com