बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों सनी देओल की ‘बॉर्डर-2’ और रानी मुखर्जी की ‘मर्दानी-3’ के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। वीकेंड पर शानदार कमाई करने के बाद ‘बॉर्डर-2’ की रफ्तार वर्किंग डेज में थोड़ी धीमी जरूर हुई है, लेकिन फिल्म अब भी मजबूती से टिकी हुई है। दूसरी तरफ ‘मर्दानी-3’ भी अपनी पकड़ बनाए रखने की कोशिश में जुटी है और धीरे-धीरे आगे बढ़ रही है।
रिपोर्ट्स के अनुसार ‘बॉर्डर-2’ ने रिलीज के 12वें दिन यानी दूसरे मंगलवार को 6.69 करोड़ रुपये का कारोबार किया। दिलचस्प बात यह है कि 11वें दिन भी फिल्म की कमाई इतनी ही रही थी, जिससे साफ है कि फिल्म ने वीकडे में भी स्थिर प्रदर्शन बनाए रखा है। इसी के साथ सनी देओल और वरुण धवन स्टारर इस युद्ध-ड्रामा फिल्म का घरेलू बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 315.10 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। दुनियाभर में फिल्म 12 दिनों में लगभग 392.5 करोड़ रुपये कमा चुकी है।
दूसरी ओर, रानी मुखर्जी की ‘मर्दानी-3’ को शुरुआत से ही बॉक्स ऑफिस पर संघर्ष करना पड़ रहा है। फिल्म ने पांचवें दिन 2.50 करोड़ रुपये की कमाई की, जो चौथे दिन के 2.25 करोड़ रुपये से थोड़ा बेहतर है। हालांकि, हल्की बढ़त के बावजूद फिल्म की कुल कमाई पांच दिनों में सिर्फ 22.25 करोड़ रुपये तक ही पहुंच पाई है। इससे साफ है कि दमदार किरदार और फ्रेंचाइज़ी की पहचान के बावजूद ‘मर्दानी-3’ दर्शकों की बड़ी भीड़ खींचने में अब तक सफल नहीं हो सकी है।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal