उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध महाकाल मंदिर पहुंचे बॉलीवुड सिंगर मीका सिंह, भस्म आरती में हुए शामिल

उज्जैन : बॉलीवुड के प्रसिद्ध गायक मीका सिंह शनिवार तड़के करीब चार बजे विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। वे तड़के होने वाली भस्म आरती में शामिल हुए और नंदी हॉल में बैठकर लगभग डेढ़ घंटे तक भगवान महाकाल के दर्शन किए। आरती के दौरान मीका सिंह पूरी तरह भक्ति में लीन नजर आए। आरती के पश्चात उन्होंने देहरी से पूजन कर बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया।

 

मीका सिंह इंदौर में आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लेने आए थे। इसी दौरान वे उज्जैन पहुंचकर श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन और पूजन-अर्चन के लिए पहुंचे। मंदिर पहुंचने पर महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल ने मीका सिंह का आत्मीय स्वागत एवं सत्कार किया। इस अवसर पर उन्हें बाबा महाकाल का प्रसाद और स्मृति चिह्न भेंट किया गया। दर्शन के पश्चात मीडिया से रूबरू होते हुए मीका सिंह ने अपनी खुशी जाहिर की।

 

उन्होंने कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि भगवान महाकाल ने उन्हें अपने दर्शन के लिए बुलाया। जब भी वे इंदौर आते हैं, उज्जैन आकर महाकाल मंदिर में दर्शन अवश्य करते हैं। मीका सिंह ने भस्म आरती के अनुभव को अद्वितीय और आध्यात्मिक ऊर्जा से भर देने वाला बताया। गायक ने मंदिर परिसर की साफ-सफाई और भव्य माहौल की प्रशंसा करते हुए कहा कि यहां का वातावरण बहुत ही शांतिपूर्ण और प्यारा है। उन्होंने आगे कहा कि वे अपने परिवार और प्रशंसकों की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना करने आए हैं ।

 

श्रद्धा और विधि-विधान के साथ संपन्न हुई भस्म आरती

 

शनिवार तड़के श्री महाकालेश्वर मंदिर में परंपरागत विधि-विधान के साथ भस्म आरती संपन्न हुई। मंदिर के कपाट खुलते ही भगवान महाकाल का जल से अभिषेक किया गया। इसके बाद दूध, दही, घी, शक्कर और शहद से बने पंचामृत से पूजन कर कपूर आरती की गई। जटाधारी भगवान महाकाल को रजत चंद्र-त्रिशूल मुकुट धारण कराया गया तथा रुद्राक्ष की माला और सुगंधित पुष्पों से भव्य श्रृंगार किया गया। भगवान को भांग, चंदन, ड्रायफ्रूट और भस्म अर्पित की गई। शेषनाग को रजत मुकुट, रजत मुंडमाल, रुद्राक्ष की माला और पुष्प मालाओं से सजाया गया। इसके साथ ही फल और मिष्ठान का भोग लगाया गया।

 

झांझ-डमरू की गूंज में बाबा महाकाल के दर्शन

 

झांझ, मंजीरे और डमरू की गूंज के बीच भस्म आरती संपन्न हुई। नंदी जी का स्नान, ध्यान और पूजन भी किया गया। भस्म आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और बाबा महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। महा निर्वाणी अखाड़े की ओर से भगवान महाकाल को भस्म अर्पित की गई। मान्यता है कि भस्म अर्पण के पश्चात भगवान महाकाल भक्तों को साकार रूप में दर्शन देते हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com