लोकसभा में विपक्ष का हंगामा, कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित, राज्यसभा में कार्यवाही जारी

नई दिल्ली : संसद के बजट सत्र का आज नौवां दिन भी हंगामे की भेंट चढ़ता नजर आ रहा है। लोकसभा से आठ सांसदों के निलंबन और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के वक्तव्य को कथित तौर पर रोके जाने के मुद्दे पर सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच गतिरोध बना रहा। विपक्ष के हंगामे के चलते लोकसभा की कार्यवाही महज कुछ मिनटों के भीतर ही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई, जबकि राज्यसभा में कार्यवाही जारी रही।

 

लोकसभा की कार्यवाही तय समय पर शुरू हुई। सदन की शुरुआत में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने जिम्बाब्वे के हरारे में भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम की विश्व कप जीत पर बधाई दी। इसके बाद प्रश्नकाल आरंभ किया गया, लेकिन प्रश्नकाल शुरू होने से पहले ही कांग्रेस सहित विपक्षी दलों के सांसदों ने हंगामा शुरू कर दिया।

 

लोकसभा अध्यक्ष ने विपक्षी सांसदों से बार-बार सदन की गरिमा बनाए रखने और प्रश्नकाल चलने देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सदन को चलाना सभी की सामूहिक ज़िम्मेदारी है और प्रश्नकाल के बाद सभी को अपनी बात रखने का अवसर दिया जाएगा। इसके बावजूद विपक्षी सांसदों का हंगामा जारी रहा।

 

लगातार शोर-शराबे और नारेबाजी के चलते लोकसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही शुरू होने के लगभग पांच मिनट के भीतर ही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी। दूसरी ओर, राज्यसभा में निर्धारित कार्यसूची के अनुसार कामकाज जारी है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com