आमिर खान प्रोडक्शंस की ‘लाहौर 1947’ फिल्म 13 अगस्त को सिनेमाघरों में देगी दस्तक

आमिर खान प्रोडक्शंस की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘लाहौर 1947’ की रिलीज डेट की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। यह पीरियड ड्रामा फिल्म 13 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस सप्ताह के दौरान सिनेमाघरों में रिलीज होगी। देशभक्ति के जज़्बे और ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर आधारित इस फिल्म को लेकर दर्शकों में पहले से ही खासा उत्साह है।

 

यह फिल्म कई मायनों में खास मानी जा रही है, क्योंकि पहली बार सनी देओल, निर्देशक राजकुमार संतोषी और निर्माता आमिर खान एक साथ काम कर रहे हैं। फिल्म की कहानी विभाजन काल की पृष्ठभूमि पर आधारित बताई जा रही है। आमिर खान ने फिल्म को लेकर भावुक प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “यह धरमजी की सबसे पसंदीदा स्क्रिप्ट्स में से एक थी और मुझे बेहद खुशी होती अगर वह यह फिल्म देख पाते।” आमिर के इस बयान ने फिल्म को लेकर भावनात्मक जुड़ाव और बढ़ा दिया है।

 

फिल्म की स्टार कास्ट भी बेहद मजबूत है। शबाना आज़मी, प्रीति जिंटा और करण देओल इसमें अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। संगीत की कमान दिग्गज संगीतकार ए.आर. रहमान ने संभाली है, जबकि गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं। हालिया ब्लॉकबस्टर सफलताओं के बाद सनी देओल एक बार फिर बड़े पर्दे पर दमदार अंदाज़ में लौटने जा रहे हैं, जिससे ‘लाहौर 1947’ को लेकर दर्शकों की उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं।

——

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com