मासूम संग दुष्कर्म कर हत्या करने का आरोपित पुलिस मुठभेड़ में घायल

सीतापुर : खेलने निकली पांच वर्षीय मासूम बच्ची की दुष्कर्म के बाद निर्मम हत्या के मामले में सीतापुर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर बड़ी सफलता हासिल की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म के बाद गला दबाकर हत्या की पुष्टि होने के बाद मंगलवार देर रात पुलिस ने आरोपित को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार करने का दावा किया है। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 

सोमवार की देर रात बिसवां कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गांव के बाहर स्थित एक झोपड़ी में पांच वर्षीय मासूम का खून से लथपथ शव बरामद हुआ था। घटना से पूरे जिले में सनसनी फैल गई थी। मामला बेहद संवेदनशील होने के चलते पुलिस ने हत्या और दुष्कर्म के एंगल से जांच शुरू करते हुए पांच विशेष टीमें गठित की थीं।

 

पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोला राज

 

डॉक्टरों के पैनल द्वारा किए गए पोस्टमार्टम में यह स्पष्ट हुआ कि मासूम के साथ पहले दुष्कर्म किया गया, उसके बाद गला दबाकर उसकी हत्या की गई। रिपोर्ट सामने आते ही पुलिस ने संदिग्धों से सख्ती से पूछताछ शुरू की, जिसके बाद आरोपी तक पुलिस पहुंच सकी।

 

आत्मसमर्पण की जगह फायरिंग

 

एसपी अंकुर अग्रवाल के निर्देशन में एएसपी उत्तरी आलोक सिंह और सीओ बिसवां अमन सिंह के नेतृत्व में स्वाट टीम और बिसवां पुलिस ने आरोपी की घेराबंदी की। पुलिस द्वारा आत्मसमर्पण की चेतावनी देने पर आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे मौके से दबोच लिया गया।

 

आरोपी की पहचान और बरामदगी

 

एएसपी उत्तरी आलोक सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुरेंद्र कुमार निवासी पंचमपुरवा थाना सकरन के रूप में हुई है। आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। फिलहाल आरोपी का इलाज चल रहा है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है।

 

गांव में तनाव, पुलिस तैनात

 

घटना के बाद से गांव में भारी आक्रोश है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि दोषी को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

 

—————

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com