बैंकॉक (थाईलैंड) : भारतीय ए महिला टीम ने एसीसी महिला एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में पाकिस्तान ए महिला टीम को आठ विकेट से करारी शिकस्त दी। रविवार को बैंकॉक के टेरदथाई क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए इस मुकाबले में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन पूरी टीम 18.5 ओवर में 93 रन पर सिमट गई। जवाब में भारतीय ए महिला टीम ने 10.1 ओवर में ही 2 विकेट खोकर 97 रन बनाते हुए मैच अपने नाम कर लिया।
94 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज हुमैरा काजी पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले आउट हो गईं। इसके बाद वृंदा दिनेश और अनुष्का शर्मा ने पारी को संभालते हुए 50 गेंदों में 79 रनों की मजबूत साझेदारी की।
अनुष्का 26 गेंदों पर 4 चौकों की मदद से 24 रन बनाकर आउट हुईं, लेकिन इसके बाद कोई और विकेट नहीं गिरा। वृंदा दिनेश ने आक्रामक अंदाज में 29 गेंदों पर नाबाद 55 रन बनाए, जिसमें 12 चौके शामिल रहे। तेजल हसबनीस ने 5 गेंदों पर नाबाद 12 रन जोड़े।
पाकिस्तान की ओर से वहीदा अख्तर और मोमिना रियासत ने एक-एक विकेट लिया।
इससे पहले पाकिस्तान की पारी के दौरान भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा। इससे पाकिस्तान के नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे, जिससे वह संभल नहीं सकी और पूरी टीम 93 रनों पर ढेर हो गई। पाकिस्तान की ओर से सलामी खिलाड़ी शवाल जुल्फिकर ने सर्वाधिक 23 रन बनाए, जबकि गुल रुख ने 21 और अनोशा नासिर ने 17 रन जोड़े। इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सका।
भारतीय ए महिला टीम की ओर से सायमा ठाकोर, राधा यादव और प्रेमा रावत ने दो-दो विकेट हासिल किए। वहीं जिंतिमानी कलिता और मीनू मणि को एक-एक सफलता मिली।
————
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal