टी20 वर्ल्ड कप: वेस्टइंडीज ने नेपाल को 9 विकेट से हराया, सुपर-8 के लिए किया क्वालीफाई

मुंबई : आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 25वें मुकाबले में रविवार को वेस्टइंडीज ने नेपाल को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी। ग्रुप-सी का यह मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया।

 

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए नेपाल ने 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 133 रन बनाए। जवाब में वेस्टइंडीज की टीम ने 15.2 ओवर में महज एक विकेट खोकर 134 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।

 

इस जीत के साथ वेस्टइंडीज ने तीन मैचों में लगातार तीन जीत दर्ज कर सुपर आठ में जगह बना ली है। वहीं नेपाल लगातार तीसरा मुकाबला हारकर विश्व कप से बाहर हो गई है।

 

134 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत मजबूत रही। सलामी बल्लेबाज ब्रैंडन किंग और कप्तान शाई होप ने पहले विकेट के लिए 43 रन जोड़े। किंग 17 गेंदों में 22 रन बनाकर आउट हुए।

 

इसके बाद होप ने शिमरोन हेटमायर के साथ मिलकर पारी को संभाला और टीम को जीत तक पहुंचाया। होप ने 44 गेंदों में पांच चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 61 रन बनाए, जबकि हेटमायर ने 32 गेंदों में चार चौके और दो छक्के जड़ते हुए नाबाद 46 रन की पारी खेली।

 

नेपाल की ओर से नंदन यादव ने एकमात्र विकेट हासिल किया।

 

नेपाल की पारी लड़खड़ाई

 

इससे पहले नेपाल की शुरुआत बेहद खराब रही थी और टीम ने 73 रन तक छह विकेट गंवा दिए थे। कुशल भुर्टेल (1), रोहित पौडेल (5), आसिफ शेख (11), आरिफ शेख (2), लोकेश बाम (13) और गुलसन झा (11) सस्ते में आउट हो गए।

 

हालांकि दीपेंद्र सिंह ऐरी और सोमपाल कामी ने अर्धशतकीय साझेदारी कर टीम को संभाला और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक ले गए। ऐरी ने तीन चौके और तीन छक्कों की मदद से 47 गेंदों पर 58 रन बनाए, जबकि कामी ने 15 गेंदों पर चार चौकों के सहारे नाबाद 26 रन जोड़े।

 

वेस्टइंडीज की ओर से जेसन होल्डर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट चटकाए। मैथ्यू फोर्ड, अकील हुसैन, शमर जोसेफ और रोस्टन चेज ने एक-एक विकेट लिया।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com