काठमांडू : बांग्लादेश की नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में नेपाल का प्रतिनिधित्व विदेशमंत्री बालानंद शर्मा करेंगे। उनके नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल आज ढाका रवाना होगा। प्रतिनिधिमंडल में विदेश सचिव अमृत राई भी शामिल हैं। आज काठमांडू में हुई कैबिनेट की बैठक में विदेशमंत्री को भेजने का निर्णय किया गया। सरकार के प्रवक्ता तथा गृहमंत्री ओमप्रकाश अर्याल ने बताया कि विदेशमंत्री शर्मा आज ही ढाका रवाना होने वाले हैं।
बांग्लादेश में 12 फरवरी को हुए आम चुनाव के बाद बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के नेता तारिक रहमान प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह मंगलवार को आयोजित होगा। बीएनपी ने तारिक रहमान को संसदीय दल का नेता चुना है। रहमान पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के पुत्र हैं। उनकी पार्टी ने चुनाव में दो-तिहाई बहुमत हासिल किया है।
शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने नेपाल सहित भारत, चीन, सऊदी अरब, भारत, पाकिस्तान, तुर्की, यूएई, कतर, मलेशिया, ब्रुनेई, श्रीलंका, मालदीव और भूटान के सरकार प्रमुखों को निमंत्रण भेजा था। भारत की ओर से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और विदेश सचिव विक्रम मिस्री समारोह में शामिल होंगे।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal