फिल्म ‘डॉन 3’ को लेकर अभिनेता फरहान अख्तर और रणवीर सिंह के बीच विवाद गहराता नजर आ रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, रणवीर द्वारा प्रोजेक्ट बीच में छोड़ने के बाद फरहान की प्रोडक्शन कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट ने 40 करोड़ रुपये मुआवजे की मांग की है।
बताया जा रहा है कि रणवीर ने यह कहते हुए मुआवजा देने से इनकार कर दिया कि फिल्म इंडस्ट्री में प्रोजेक्ट्स का बनना और रुक जाना आम बात है, इसलिए वे इसके लिए जिम्मेदार नहीं हैं। वहीं निर्माताओं का कहना है कि अभिनेता के पीछे हटने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है, क्योंकि फिल्म के प्री-प्रोडक्शन पर पहले ही बड़ी रकम खर्च की जा चुकी थी।
इसी बीच खबर है कि आमिर खान ने दोनों पक्षों के बीच सुलह कराने की पहल की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आमिर के घर पर एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें फरहान, रितेश सिधवानी के प्रोडक्शन हाउस के प्रतिनिधि और रणवीर के बीच विवाद सुलझाने की कोशिश हुई। सूत्रों का कहना है कि आमिर दोनों पक्षों के बीच चल रहे अनसुलझे मुद्दों को बातचीत से सुलझाना चाहते हैं।
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि रणवीर ने स्क्रिप्ट से असंतुष्ट होने के कारण फिल्म छोड़ी। उनका कहना था कि निर्माता कहानी में बदलाव के लिए तैयार नहीं थे। साथ ही यह भी सामने आया है कि उन्होंने इस प्रोजेक्ट के लिए कोई अग्रिम भुगतान नहीं लिया था। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या आमिर खान की पहल से यह विवाद सुलझ पाएगा और ‘डॉन 3’ की राह दोबारा साफ होगी या नहीं।
—————
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal