असम चुनाव तैयारियों की समीक्षा तेज, निष्पक्ष मतदान पर जोर

गुवाहाटी : भारत निर्वाचन आयोग ने असम में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों की मंगलवार को विस्तृत समीक्षा की। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी के साथ मंगलवार को गुवाहाटी में अधिकारियों के साथ बैठक कर चुनाव संबंधी तैयारियों का जायजा लिया।

 

दो दिवसीय (17-18 फरवरी) समीक्षा दौरे के पहले दिन आयोग ने विभिन्न मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। इनमें आम आदमी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी(भाजपा), कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी), इंडियन नेशनल कांग्रेस पार्टी, एआईयूडीएफ, असम गण परिषद, यूपीपीएल और बीपीएफ शामिल रहे। आयोग ने सभी दलों को अपने विचार, सुझाव और चिंताएं रखने का अवसर दिया ताकि राज्य में निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित किए जा सकें।

 

अधिकांश राजनीतिक दलों ने चुनाव एक चरण में अथवा अधिकतम् दो चरणों में कराने की मांग की। साथ ही उन्होंने ब‍िहू पर्व को ध्यान में रखते हुए चुनाव तिथियों का निर्धारण करने का अनुरोध किया। दलों ने असम में विशेष मतदाता सूची (एसआर) पुनरीक्षण की प्रक्रिया की सराहना भी की तथा शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए कई सुझाव दिए।

 

राजनीतिक दलों से चर्चा के बाद आयोग ने आईजी, डीआईजी, जिला निर्वाचन अधिकारियों (डीईओ) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (एसएसपी) के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। इसमें चुनाव योजना, ईवीएम प्रबंधन, लॉजिस्टिक्स, कर्मियों के प्रशिक्षण, जब्ती कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, मतदाता जागरूकता और जनसंपर्क गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा हुई।

 

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने निर्देश दिया कि चुनाव संविधान, प्रासंगिक कानूनों और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सख्ती से कराए जाएं। आयोग ने सभी डीईओ, एसएसपी और राज्य प्रशासन को पूर्ण निष्पक्षता से कार्य करने तथा राजनीतिक दलों की शिकायतों और शिकायतों का त्वरित निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

आयोग ने यह भी कहा कि मतदान केंद्रों को उत्सवमय, स्वागतपूर्ण और मतदाता-अनुकूल बनाकर मतदाताओं के लिए सुखद मतदान अनुभव सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, सभी डीईओ और पुलिस अधीक्षकों को सोशल मीडिया पर फर्जी खबरों की निगरानी करने तथा आवश्यक होने पर त्वरित कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

 

—————

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com