माइक टायसन के खिलाफ एग्ज़िबिशन मुकाबले के बाद संन्यास तोड़ेंगे फ्लॉयड मेवेदर

लॉस एंजेलिस : पूर्व विश्व चैंपियन मुक्केबाज फ्लॉयड मेवेदर ने शुक्रवार को घोषणा की है कि वह माइक टायसन के खिलाफ एग्ज़िबिशन मुकाबले के बाद पेशेवर बॉक्सिंग में वापसी करेंगे। 48 वर्षीय मेवेदर ने 2017 में 50 मुकाबलों में अपराजित रहते हुए संन्यास लिया था, हालांकि इसके बाद उन्होंने कई प्रदर्शनी मुकाबलों में हिस्सा लिया।

 

मेवेदर ने एक बयान में कहा कि उनके पास अभी भी बॉक्सिंग में नए रिकॉर्ड बनाने की क्षमता है। उन्होंने दावा किया कि माइक टायसन के साथ होने वाले मुकाबले से लेकर अपने अगले पेशेवर फाइट तक, उनके इवेंट्स सबसे ज्यादा दर्शक, वैश्विक प्रसारण और कमाई दर्ज करेंगे।

 

रिपोर्ट्स के अनुसार, उनका पहला पेशेवर मुकाबला इस गर्मी में प्रस्तावित है, हालांकि प्रतिद्वंद्वी के नाम की घोषणा अभी नहीं की गई है। विस्तृत जानकारी आने वाले हफ्तों में साझा की जाएगी।

 

‘मनी’ के नाम से मशहूर मेवेदर कभी दुनिया के सबसे ज्यादा कमाई करने वाले खिलाड़ी रहे हैं। वर्ष 2015 में उनकी कमाई 300 मिलियन अमेरिकी डॉलर बताई गई थी। अपने करियर के चरम पर उन्हें पाउंड-फॉर-पाउंड श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ माना जाता था और उन्होंने एक दशक से अधिक समय तक वेल्टरवेट डिवीजन में दबदबा बनाए रखा।

 

हालांकि, मेवेदर का करियर विवादों से भी जुड़ा रहा। उनकी रक्षात्मक शैली को लेकर आलोचना हुई और कुछ लोगों ने उन पर कठिन प्रतिद्वंद्वियों से बचने के आरोप लगाए। घरेलू हिंसा के मामलों में उन्हें जेल की सजा भी काटनी पड़ी। इसके बावजूद उनकी फिटनेस, अनुशासन और खेल समझ ने उन्हें रिंग में सम्मान दिलाया।

 

मेवेदर का आखिरी पेशेवर मुकाबला 2017 में यूएफसी स्टार कॉनर मैकग्रेगर के खिलाफ था। इसके बाद उन्होंने कई एग्ज़िबिशन फाइट लड़ीं, जिनमें अगस्त 2024 में मेक्सिको में जॉन गोटी तृतीय पर जीत भी शामिल है।

 

रिपोर्ट्स के अनुसार, माइक टायसन के साथ उनका एग्ज़िबिशन मुकाबला 25 अप्रैल को कांगो में हो सकता है, हालांकि तारीख और स्थान की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

 

59 वर्षीय ‘आयरन माइक’ टायसन ने नवंबर 2024 में टेक्सास में यूट्यूबर से पेशेवर मुक्केबाज बने जेक पॉल के खिलाफ मुकाबला लड़ा था, जिसमें उन्हें एकतरफा हार का सामना करना पड़ा। उस मुकाबले को करीब 70 हजार दर्शकों ने स्टेडियम में देखा, जबकि दुनिया भर में लाखों लोगों ने प्रसारण के जरिए मुकाबला देखा।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com