नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 28 फरवरी और 1 मार्च को देश के तीन महत्वपूर्ण राज्यों गुजरात, राजस्थान और तमिलनाडु तथा केन्द्र शासित प्रदेश पुड्डुचेरी के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे 23 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इस यात्रा का मुख्य आकर्षण भारत का पहला स्वदेशी सेमीकंडक्टर चिप उत्पादन और बालिकाओं के लिए राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान होगा।
प्रधानमंत्री मोदी अजमेर (राजस्थान) में 28 फरवरी सुबह 11:30 बजे 16,680 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात देंगे। वह 14 वर्ष की बालिकाओं के लिए सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) को रोकने हेतु राष्ट्रव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत करेंगे। सरकारी विभागों में नवनियुक्त 21,800 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे। इसी दौरान दिल्ली-वडोदरा एक्सप्रेसवे और अमृतसर-जामनगर इकोनॉमिक कॉरिडोर के विभिन्न पैकेजों का उद्घाटन किया जाएगा।
इसी दिन दोपहर 03:45 बजे प्रधानमंत्री मोदी सानंद (गुजरात) में माइक्रोन टेक्नोलॉजी की ‘सेमीकंडक्टर असेंबली, टेस्ट और पैकेजिंग’ (एटीएमपी) सुविधा का उद्घाटन करेंगे। यह भारत के सेमीकंडक्टर मिशन (आईएसएम) के तहत स्वीकृत पहली परियोजना है। यहां से भारत में निर्मित पहले सेमीकंडक्टर मेमोरी मॉड्यूल का व्यावसायिक उत्पादन और शिपमेंट शुरू होगा। 22,500 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश वाली इस फैक्ट्री में दुनिया का सबसे बड़ा ‘क्लीनरूम’ क्षेत्र बनाया गया है।
अंत में प्रधानमंत्री मोदी 28 फरवरी की रात करीब 09ः00 बजे चेन्नई (तमिलनाडु) पहुंचेंगे और अगले दिन दक्षिण भारत के विकास कार्यों को गति देंगे। वह 1 मार्च सुबह 11:45 बजे (पुड्डुचेरी) में 2,700 करोड़ रुपये तक की बुनियादी ढांचे, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। मदुरै में 4,400 करोड़ रुपये तक की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे।
इसी दौरान प्रधानमंत्री एनएच-332ए के मराक्कनम-पुडुचेरी खंड और एनएच-87 के परमाकुडी-रामनाथपुरम खंड के चार लेन के निर्माण की आधारशिला रखेंगे। साथ ही तमिलनाडु में 8 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का भी उद्घाटन होगा। शाम 4 बजे प्रधानमंत्री मदुरै के प्रसिद्ध अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर (तिरुप्परनकुंड्रम) में पूजा-अर्चना करेंगे।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal