सीबीआई ने आयुध निर्माणी सेवा अधिकारी के ठिकानों की ली तलाशी, लगभग 55 लाख रुपये के गहने और नकदी जब्त

नई दिल्ली : केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने भारतीय आयुध निर्माणी सेवा (आर्डिनेंस फैक्ट्री सर्विस) के अधिकारी अमित सिंह के विरुद्ध आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज कर शुक्रवार को पांच परिसरों पर तलाशी ली। तलाशी में 49 लाख रुपये के आभूषण, 5 लाख रुपये नकद तथा संपत्ति संबंधी दस्तावेज जब्त किए गए।

 

सीबीआई के अनुसार, अमित सिंह बैच 1998 के अधिकारी हैं। वह वर्ष 2022 से 2025 के दौरान हजरतपुर, फिरोजाबाद स्थित आयुध उपकरण निर्माणी हजरतपुर में मुख्य महाप्रबंधक के पद पर तैनात थे। वर्तमान में उनकी तैनाती कानपुर स्थित ट्रूप कम्फर्ट्स लिमिटेड प्रशिक्षण अकादमी में है। एजेंसी ने बताया कि उनके खिलाफ 26 फरवरी को मामला दर्ज किया गया। आरोप है कि 1 अप्रैल 2022 से 31 दिसंबर 2025 की अवधि में उन्होंने अपनी ज्ञात आय से 55.58 लाख रुपये अधिक संपत्ति अर्जित की, जो उनकी वैध आय से 73.28 प्रतिशत अधिक है।

 

मामला दर्ज करने के बाद सक्षम न्यायालय से तलाशी वारंट प्राप्त किए गए। 27 फरवरी को आगरा, लखनऊ, बरेली और कानपुर स्थित पांच आवासीय एवं कार्यालय परिसरों पर छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान अचल संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज, बैंक पासबुक, ऋणपत्र, क्रेडिट कार्ड तथा वाहन संबंधी अभिलेख बरामद किए गए। जांच में आगरा, लखनऊ और बरेली में तीन आवासीय संपत्तियों का विवरण मिला। आगरा स्थित फ्लैट वर्ष 2025 में तथा लखनऊ स्थित फ्लैट वर्ष 2023 में क्रय किया गया था। विभिन्न निवेश और व्यय से संबंधित दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com