प्राग इंटरनेशनल शतरंज फेस्टिवल के चौथे दौर में डी. गुकेश को डेविड नवारा ने रोका

प्राग : प्राग इंटरनेशनल शतरंज फेस्टिवल के चौथे दौर में विश्व चैंपियन डी. गुकेश की पहली जीत की तलाश जारी रही। उन्हें चेक गणराज्य के दिग्गज ग्रैंडमास्टर डेविड नवारा ने ड्रॉ पर रोक दिया। डी. गुकेश ने ‘रूई लोपेज बर्लिन’ ओपनिंग में बढ़त बनाने की कोशिश की, लेकिन अनुभवी डेविड नवारा ने सटीक बचाव किया। 72 चालों के बाद रूक और प्यादों के एंडगेम में मुकाबला ड्रॉ रहा।

 

इसी दिन नीदरलैंड के जॉर्डन वान फोरेस्ट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार मुकाबलों में अपनी तीसरी जीत दर्ज की। उन्होंने उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक याकुब्बोएव को पराजित किया। गत चैंपियन अरविंद चितांबरम को जर्मनी के विन्सेंट कीमर के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।अन्य मुकाबलों में अमेरिका के हैंस मोक नीमन और ईरान के परहाम मगसूदलू के बीच बाजी बराबरी पर छूटी। स्पेन के डेविड एंटोन गुइजारो और उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव ने भी अंक साझा किए।

 

अंक तालिका में जॉर्डन वान फोरेस्ट तीन अंकों के साथ शीर्ष पर हैं। उनके पीछे नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव और डेविड नवारा ढाई अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। नोदिरबेक याकुब्बोएव, विन्सेंट कीमर और डेविड एंटोन गुइजारो उनसे आधा अंक पीछे हैं। डी. गुकेश, अरविंद चितांबरम, हैंस मोक नीमन और परहाम मगसूदलू 1.5 अंकों के साथ संयुक्त सातवें स्थान पर हैं। अरविंद चितांबरम ने ‘फिलिडोर डिफेंस’ अपनाया, पर विन्सेंट कीमर ने किंग-साइड आक्रमण से बढ़त बना ली। भारतीय खिलाड़ी ने पहले एक प्यादा और फिर एक ऊंट गंवाया, जिसके बाद वापसी संभव नहीं हो सकी।

 

चैलेंजर्स वर्ग में भारत की दिव्या देशमुख ने चेक गणराज्य के वानक्लाव फिनेक से ड्रॉ खेला। वहीं सूर्य शेखर गांगुली ने स्टेपन हर्बेक के साथ अंक बांटे। वानक्लाव फिनेक तीन अंकों के साथ चैलेंजर्स वर्ग में शीर्ष पर हैं, जबकि दिव्या के 1.5 और सूर्य शेखर गांगुली के एक अंक हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com