नई दिल्ली : स्टेनलेस स्टील क्षेत्र की कंपनी राजपुताना स्टेनलेस लिमिटेड का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) 9 मार्च को खुलेगा। इसमें निवेश के लिए निवेशक 11 मार्च तक बोली लगा सकते हैं। कंपनी ने इसके लिए मूल्य का दायरा (प्राइस बैंड) 116–122 रुपये प्रति शेयर तय किया है। कंपनी के शेयर 16 मार्च को बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध होने के लिए प्रस्तावित है।
राजपुताना स्टेनलेस लिमिटेड के मुताबिक 10 रुपये फेस वैल्यू वाले इस इश्यू में निवेशक कम से कम 110 इक्विटी शेयर और उसके बाद 110 इक्विटी शेयर के मल्टीपल में बोली लगा सकते हैं। यह आईपीओ एक फ्रेश इश्यू और ऑफर फॉर सेल (ओएफएस) दोनों का मिश्रण है। कंपनी 1.47 करोड़ नए शेयर जारी कर करीब 178.73 करोड़ रुपये जुटाएगी, जबकि 0.63 करोड़ शेयरों की बिक्री के जरिए 76.25 करोड़ रुपये ऑफर फॉर सेल से आएंगे।
राजपुताना स्टेनलेस लिमिटेड इस आईपीओ से मिली राशि का बड़ा हिस्सा अपने कारोबार को मजबूत करने में लगाएगी। करीब 18.57 करोड़ रुपये स्टेनलेस स्टील सीमलेस पाइप्स की नई मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित करने में खर्च करेगी, जिससे कंपनी का प्रोडक्ट पोर्टफोलियो और व्यापक होगा। इसके अलावा 98 करोड़ रुपये का उपयोग मौजूदा सुरक्षित कर्ज के आंशिक या पूर्ण पुनर्भुगतान में किया जाएगा। शेष राशि सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए रखी जाएगी।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal