नई दिल्ली : फिनलैंड के राष्ट्रपति डॉ. अलेक्जेंडर स्टब 4 से 7 मार्च तक भारत की राजकीय यात्रा पर रहेंगे। उनके साथ मंत्रियों, वरिष्ठ अधिकारियों और व्यापारिक नेताओं का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी होगा।
विदेश मंत्रालय के मुताबिक राष्ट्रपति स्टब इस दौरान नई दिल्ली में आयोजित होने वाले 11वें रायसीना डायलॉग में मुख्य अतिथि और कीनोट स्पीकर होंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निमंत्रण पर यह उनकी भारत में राष्ट्रपति के रूप में पहली यात्रा होगी।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति स्टब द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा करेंगे। दोनों नेता क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति स्टब के सम्मान में भोज का आयोजन करेंगे।
यात्रा के दौरान राष्ट्रपति स्टब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात करेंगे। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर भी उनसे भेंट करेंगे। इसके बाद वे मुंबई जाएंगे, जहां महाराष्ट्र के राज्यपाल और मुख्यमंत्री उनसे मुलाकात करेंगे। साथ ही भारतीय उद्योग जगत के नेताओं से संवाद करेंगे और मुंबई विश्वविद्यालय के छात्रों को संबोधित करेंगे।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal