राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री सहित शीर्ष नेताओं ने देशवासियों को दी होली की शुभकामनाएं

नई दिल्ली : रंगों का पावन पर्व होली आज पूरे देश में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित देश के विभिन्न राजनीतिक दिग्गजों ने देशवासियों को बधाई दी और आपसी भाईचारे व ‘विकसित भारत’ के संकल्प का संदेश दिया है।

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बुधवार को एक्स पर अपने संदेश में कहा, “रंगों का त्योहार लोगों के जीवन में प्रेम और आशा का संचार करता है तथा आपसी एकता व भाईचारे को मजबूत करता है। मेरी कामना है कि हम सब मिलकर एक विकसित राष्ट्र के निर्माण में योगदान दें।”

 

उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने होली को अच्छाई की बुराई पर जीत का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह पर्व हमारी सभ्यता की जीवंत भावना को दर्शाता है। उन्होंने सभी से एक समावेशी, शांतिपूर्ण और विकसित भारत की दिशा में काम करने का आह्वान किया।

 

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने होली को सकारात्मक सोच और नई शुरुआत का प्रतीक बताया। उन्होंने अपील की कि इस उत्सव की उमंग उन लोगों तक भी पहुंचाएं जो जरूरतमंद हैं।

 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने होली की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि होली का त्योहार पूरे माहौल में नई ऊर्जा भर देता है। हर तरफ बिखरे खुशियों के रंग हर किसी को उल्लास और आनंद से सराबोर कर जाते हैं।

 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कामना की कि रंगों का यह पर्व सभी के जीवन में उन्नति, समृद्धि और सौभाग्य लेकर आए।

 

केंद्रीय सड़क एवम परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने नकारात्मकता के दहन का संदेश देते हुए कहा कि यह पर्व द्वेष को मिटाकर जीवन में सुख-शांति लाए।

 

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने होली को भारतीय संस्कृति की आत्मा बताते हुए कहा कि यह त्योहार हमारे बहु-सांस्कृतिक समाज की विविधता में एकता और भाईचारे की उस परंपरा का उत्सव है, जो सदियों से हमारी पहचान रही है।

 

केंद्रीय पर्यटन एवंं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने भी इसे ‘इंद्रधनुषीय संस्कृति’ का सद्भावनापूर्ण उत्सव बताते हुए देशवासियों के लिए खुशियों की कामना की।

 

—————

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com