राज्यसभा चुनावः भाजपा ने आठवले, तावड़े समेत चार उम्मीदवारों ने नाम घोषित किए

नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने महाराष्ट्र समेत 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए चार उम्मीदवारों की दूसरी सूची बुधवार को जारी की। इसमें सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री एवं आरपीआई(ए) के प्रमुख रामदास आठवले और भाजपा महासचिव विनोद तावड़े के नाम शामिल हैं, जिनको महाराष्ट्र से उम्मीदवार बनाया गया है।

 

भाजपा की विज्ञप्ति के मुताबिक केंद्रीय चुनाव समिति ने महाराष्ट्र से राज्यसभा के लिए चार नामों को स्वीकृति दी है। इन उम्मीदवारों में रामदास आठवले, विनोद तावड़े, माया चिंतामण ईवनाते और रामराव वडकुले हैं। भाजपा ने महाराष्ट्र से एक अनुसूचित जाति, एक आदिवासी, एक मराठा और एक अन्य पिछड़ी जाति के उम्मीदवार को जगह दी है।

 

भाजपा ने एक बार फिर अपने कोटे से रामदास आठवले को राज्यसभा में भेजने का किया है। इस फैसले से पहले आठवले ने मंगलवार को मुंबई में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की थी। सूत्रों के मुताबिक महाराष्ट्र में हाल में संपन्न नगर निगम के चुनावों में आरपीआई(ए) ने भाजपा को समर्थन के बदले में एक विधानपरिषद और दो राज्यसभा सीट की मांग की थी।

 

एक दिन पहले मंगलवार को भाजपा ने राज्यसभा चुनाव के लिए नौ उम्मीदवारों पहली सूची जारी की थी, जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और शिवेश कुमार को बिहार से उम्मीदवार बनाया गया है। अन्य उम्मीदवारों में असम से तेराश गोवाला और जोगेन मोहन, छत्तीसगढ़ से लक्ष्मी वर्मा, हरियाणा से संजय भाटिया, ओडिशा से मनमोहन सामल एवं सुजीत कुमार और पश्चिम बंगाल से राहुल सिन्हा को उम्मीदवार बनाया गया है।

 

राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन की अंतिम तारीख 5 मार्च है। दस राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों पर 16 मार्च को चुनाव होने हैं। इनमें महाराष्ट्र की सात, तमिलनाडु की छह, बिहार और पश्चिम बंगाल की पांच-पांच, ओडिशा की चार, असम की तीन, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और हरियाणा की दो-दो तथा हिमाचल प्रदेश की एक सीट शामिल है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com