ईरान संघर्ष के बीच अमेरिका ने एफआईएच हॉकी विश्व कप 2026 क्वालीफायर से नाम वापस लिया

नई दिल्ली : मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका (यूएसए) की पुरुष हॉकी टीम ने एफआईएच हॉकी विश्व कप 2026 क्वालीफायर से अपना नाम वापस ले लिया है।

 

अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) ने बुधवार को जानकारी दी कि यूएसए की टीम मिस्र के इस्माइलिया में खेले जा रहे क्वालीफायर में भाग ले रही थी और पहले दौर में अपने पूल में सबसे निचले स्थान पर रही थी। टीम को 6 मार्च को वर्गीकरण मुकाबले में चीन का सामना करना था, लेकिन अब यूएसए के हटने के कारण चीन को वॉकओवर मिल जाएगा। एफआईएच ने अपने बयान में कहा कि 3 मार्च को अमेरिकी विदेश विभाग की आधिकारिक सलाह के बाद यह फैसला लिया गया। इस सलाह में मध्य-पूर्व के संघर्ष क्षेत्रों या उनके आसपास मौजूद देशों, जिनमें मिस्र भी शामिल है, से सभी अमेरिकी नागरिकों को तुरंत निकलने की अपील की गई थी।

 

एफआईएच के अनुसार “यूएसए पुरुष टीम ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ के पूर्ण समर्थन के साथ इस्माइलिया में चल रहे एफआईएच हॉकी विश्व कप 2026 क्वालीफायर से नाम वापस लेने का निर्णय लिया है। टीम आज पहले ही मिस्र से रवाना हो चुकी है। यूएसए द्वारा खेले गए पहले दो मैचों के परिणाम मान्य रहेंगे, जबकि उनके शेष मैच रद्द कर दिए जाएंगे।”

 

यह क्वालीफायर टूर्नामेंट उन टीमों के लिए आयोजित किया जा रहा है जो महाद्वीपीय प्रतियोगिताओं के जरिए विश्व कप के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकीं। इस टूर्नामेंट से सात स्थान दांव पर हैं।

 

एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप 2026 का आयोजन 14 से 30 अगस्त के बीच बेल्जियम और नीदरलैंड में होना है।

 

मध्य-पूर्व में तनाव उस समय बढ़ गया जब इज़राइल और अमेरिका के ईरान पर हवाई हमले किए जाने के बाद क्षेत्र में संघर्ष तेज हो गया। इसके कारण क्षेत्र के बड़े हिस्से में हवाई क्षेत्र भी बंद कर दिया गया है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com