नई दिल्ली : शुक्रवार यानी छह मार्च को खत्म हुए चार दिन के कारोबारी सप्ताह के दौरान घरेलू शेयर बाजार लगातार दबाव में कारोबार करता रहा। पिछले सप्ताह अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव की वजह से कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल दर्ज की गई। कमजोर ग्लोबल संकेतों, रुपये की घटती कीमत और विदेशी संस्थागत निवेशकों की लगातार बिकवाली ने स्टॉक मार्केट के इन्वेस्टर सेंटीमेंट्स पर निगेटिव असर डाला।
चौतरफा दबाव के कारण शुक्रवार को खत्म हुए कारोबारी सप्ताह में बीएसई का सेंसेक्स साप्ताहिक आधार पर 2,368.29 अंक यानी 2.91 प्रतिशत की गिरावट के साथ 78,918.90 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह एनएसई के निफ्टी ने 728.20 अंक यानी 2.89 प्रतिशत टूट कर 24,450.45 अंक के स्तर पर पिछले सप्ताह के कारोबार का अंत किया।
शुक्रवार को खत्म हुए कारोबारी सप्ताह के दौरान बीएसई का लार्जकैप इंडेक्स साप्ताहिक आधार पर तीन प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ। इस इंडेक्स में शामिल इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन, अदानी ग्रीन एनर्जी, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स (टीएमपीवी), इंटरग्लोब एवियशन, लोढ़ा डेवलपर्स, भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड, गेल इंडिया, बैंक ऑफ बड़ौदा और गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के शेयर साप्ताहिक आधार पर 8 से 10 प्रतिशत तक की गिरावट का शिकार हो गए। दूसरी ओर, मझगांव डॉक शिप बिल्डर्स, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, सोलर इंडस्ट्रीज इंडिया, सन फार्मास्यूटिकल्स इंडस्ट्रीज और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयर इस इंडेक्स के टॉप गेनर्स की सूची में शामिल हुए।
पिछले सप्ताह के कारोबार में बीएसई का मिडकैप इंडेक्स भी साप्ताहिक आधार पर तीन प्रतिशत लुढ़क कर बंद हुआ। इस इंडेक्स में शामिल एजीज वोपैक टर्मिनल्स, रेल विकास निगम, पेट्रोनेट एलएनजी, केपीआईटी टेक्नोलॉजीज, बैंक ऑफ इंडिया और एलटी टेक्नोलॉजी सर्विसेज के शेयर टॉप लूजर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी और यूनाइटेड ब्रेवरीज, नेशनल अल्युमिनियम कंपनी, जेएसडब्ल्यू इंफ्रास्ट्रक्चर, और भारत डायनामिक्स के शेयर टॉप गेनर्स की सूची में शामिल हुए।
पिछले सप्ताह के कारोबार में सबसे अधिक 3.3 प्रतिशत की गिरावट बीएसई के स्मॉलकैप इंडेक्स में दर्ज की गई। पूरे सप्ताह के कारोबार में जिंदल पॉली फिल्म्स, जिंदल ड्रिलिंग इंडस्ट्रीज, एंटेलोपस सेलन एनर्जी, हिंदुस्तान ऑयल एक्सप्लोरेशन कंपनी, पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजीज, एक्सटेल इंडस्ट्रीज, जुपिटर वैगंस, रुबी मिल्स और स्टरलाइट टेक्नोलॉजीज के शेयरों में साप्ताहिक आधार पर 12 से 25 प्रतिशत की मजबूती दर्ज की गई। दूसरी ओर, इंफोबीन्स टेक्नोलॉजीज, साधना नाइट्रोकेम, ऑर्किड फार्मा, वर्थ इन्वेस्टमेंट एंड ट्रेडिंग, राजेश एक्सपोर्ट्स, नेट वेब टेक्नोलॉजी इंडिया, जेटीएल इंडस्ट्रीज, अग्रवाल इंडस्ट्रियल कॉरपोरेशन, स्टेलियन इंडिया फ्लोरोकेमिकल्स और डीपी आभूषण के शेयरों में साप्ताहिक आधार पर 15 से 20 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई।
पिछले सप्ताह के कारोबार में ज्यादातर सेक्टोरल इंडेक्स गिरावट के साथ लाल निशान में ही बंद हुए। निफ्टी का पीएसयू बैंक इंडेक्स साप्ताहिक आधार पर 6.5 प्रतिशत टूट गया। इसी तरह निफ्टी का रियल्टी इंडेक्स पांच प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ। निफ्टी का मीडिया इंडेक्स 4.3 प्रतिशत और निफ्टी का प्राइवेट बैंक इंडेक्स साप्ताहिक आधार पर चार प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ। इसके विपरीत निफ्टी का डिफेंस इंडेक्स साप्ताहिक आधार पर पांच प्रतिशत की तेजी हासिल करने में सफल रहा।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal