तेलंगाना से कांग्रेस के दो उम्मीदवार राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित

हैदराबाद : तेलंगाना से राज्यसभा की दो सीटों के लिए कांग्रेस के दोनों उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। इसकी घोषणा सोमवार को हैदराबाद में चुनाव आयोग के रिटर्निंग ऑफिसर उपेंद्र रेड्डी ने की।

 

रिटर्निंग ऑफिसर उपेंद्र रेड्डी ने बताया कि कांग्रेस की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी और वेम नरेंद्र रेड्डी ने राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल किया था। उनके खिलाफ कोई अन्य वैध उम्मीदवार मैदान में नहीं होने के कारण दोनों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि निर्वाचित होने से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज जल्द ही दोनों नेताओं को सौंप दिए जाएंगे।

 

गौरतलब है कि राज्यसभा के कुछ सदस्यों का कार्यकाल अप्रैल में समाप्त होने वाला है। इसी को लेकर केंद्र सरकार ने हाल ही में राज्यसभा चुनाव की अधिसूचना जारी की थी। इसके बाद कांग्रेस ने तेलंगाना से अभिषेक मनु सिंघवी और वेम नरेंद्र रेड्डी को अपना उम्मीदवार बनाया था।

 

अभिषेक मनु सिंघवी देश के वरिष्ठ अधिवक्ता हैं और लंबे समय से कांग्रेस के प्रमुख कानूनी रणनीतिकार के रूप में जाने जाते हैं। उन्हें एक बार फिर तेलंगाना से राज्यसभा भेजा गया है। वहीं दूसरी सीट से निर्वाचित वेम नरेंद्र रेड्डी तेलंगाना कांग्रेस के उपाध्यक्ष हैं और राज्य के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के करीबी सहयोगियों में माने जाते हैं।

 

इस चुनाव में साई नामक एक व्यक्ति ने स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया था, लेकिन शुक्रवार को उनका नामांकन पत्र खारिज कर दिया गया। बताया गया कि उनके नामांकन पत्र के साथ उनकी उम्मीदवारी के समर्थन में 10 विधायकों के हस्ताक्षर नहीं थे, जो अनिवार्य शर्तों में शामिल है।

 

इसके अलावा किसी अन्य उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया। ऐसे में कांग्रेस के दोनों उम्मीदवार अभिषेक मनु सिंघवी और वेम नरेंद्र रेड्डी निर्विरोध राज्यसभा सदस्य निर्वाचित घोषित किए गए।

 

————-

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com