नई दिल्ली : घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान ऊपरी स्तर से बिकवाली होती हुई नजर आ रही है। आज के कारोबार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई थी। बाजार खुलते ही खरीदारी का सपोर्ट मिलने से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में थोड़ी और तेजी आई, लेकिन थोड़ी ही देर बाद मुनाफा वसूली शुरू हो जाने की वजह से इन दोनों सूचकांकों की चाल में गिरावट आ गई। इस बिकवाली की वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में गिरावट जरूर आई, लेकिन ये दोनों सूचकांक लगातार हरे निशान में ही बने रहे। सुबह 10 तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स और निफ्टी 0.29 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।
आज प्रातः 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से इंटरग्लोब एविएशन, श्रीराम फाइनेंस, एशियन पेंट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर 3.11 प्रतिशत से लेकर 1.55 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, ओएनजीसी, इंफोसिस, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टेक महिंद्रा और हिंडाल्को इंडस्ट्रीज के शेयर 1.74 प्रतिशत से लेकर 0.96 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,696 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 2,185 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 511 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 20 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 10 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 33 शेयर हरे निशान में और 17 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 809.57 अंक की मजबूती के साथ 78,375.73 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक उछल कर 78,526.25 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में मुनाफा वसूली शुरू हो गई, जिसकी वजह से सेंसेक्स की चाल में कमजोरी आने लगी। बिकवाली के दबाव की वजह से पहले आधे घंटे में ही यह सूचकांक गिर कर 77,745.47 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर बनाने की कोशिश की, जिससे इस सूचकांक की स्थिति में मामूली सुधार होता हुआ नजर आया। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 225.01 अंक की बढ़त के साथ 77,791.17 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 252.75 अंक उछल कर 24,280.80 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारी का सपोर्ट मिलने से यह सूचकांक उछल कर 24,303.80 अंक तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसके कारण निफ्टी की चाल में कमजोरी आने लगी। लगातार हो रही बिकवाली के कारण थोड़ी देर बाद ही यह सूचकांक लुढ़क कर 24,079.95 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर बनाया, जिससे इस सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 69.20 अंक की मजबूती के साथ 24,097.25 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
इसके पहले पिछले कारोबारी दिन सोमवार को सेंसेक्स 1,352.74 अंक यानी 1.71 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 77,566.16 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 422.40 अंक यानी 1.73 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,028.05 अंक के स्तर पर सोमवार के कारोबार का अंत किया था।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal