प्रधानमंत्री ने तमिलनाडु में किया 5650 करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास

तिरुचिरापल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में लगभग 5650 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में स्वच्छ ऊर्जा अवसंरचना, पेट्रोलियम आधारित विनिर्माण, राजमार्ग, रेलवे और ग्रामीण सड़क से जुड़े कार्य शामिल हैं, जिनसे राज्य में कनेक्टिविटी बढ़ेगी और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

 

इस मौके पर प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत पेट्रोलियम के सिटी गैस वितरण नेटवर्क की आधारशिला रखी गई है, जिस पर लगभग 3700 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। यह नेटवर्क तमिलनाडु के नीलगिरि और इरोड जिलों को कवर करेगा और करीब नौ लाख परिवारों तथा सैकड़ों व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को पाइप्ड नेचुरल गैस उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना लोगों के जीवन को आसान बनाएगी और प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से हजारों रोजगार भी पैदा करेगी।

 

प्रधानमंत्री ने बताया कि इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के ल्यूब ब्लेंडिंग प्लांट को भी राष्ट्र को समर्पित किया गया है। चेन्नई स्थित यह संयंत्र अपने प्रकार की दुनिया की सबसे बड़ी इकाइयों में से एक है, जो तमिलनाडु सहित देश के कई उद्योगों की मांग को पूरा करेगा और लुब्रिकेंट के आयात को कम करने में मदद करेगा।

 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 370 किलोमीटर लंबी ग्रामीण सड़कों का भी उद्घाटन किया गया है। इन सड़कों से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और कृषि से जुड़े कार्यों के लिए आवागमन आसान होगा तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि गंगईकोंडा चोलपुरम मंदिर, जिसका निर्माण सम्राट राजेंद्र चोल प्रथम ने कराया था और जिसे यूनेस्को ने विश्व धरोहर स्थल के रूप में मान्यता दी है, वहां महत्वपूर्ण राजमार्ग परियोजना की आधारशिला रखी गई है। उन्होंने कहा कि मौजूदा सड़क मंदिर के बहुत पास से गुजरती है, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर चिंता रहती थी। नए बाईपास के निर्माण से यातायात मंदिर क्षेत्र से हट जाएगा और सुरक्षा बेहतर होगी।

 

प्रधानमंत्री ने बताया कि हाल ही में मदुरै से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 8 आधुनिक रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया गया था। इसके साथ ही नागरकोइल, कोयंबटूर, रामेश्वरम, तिरुनेलवेली, मयिलादुथुरै और कराईकुडी सहित कई स्थानों को जोड़ने वाली नई ट्रेन सेवाओं को भी हरी झंडी दिखाई गई है।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए विकसित तमिलनाडु का निर्माण आवश्यक है और केंद्र सरकार राज्य के लोगों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com