नई दिल्ली : एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने वायु सेना की ऑपरेशनल तैयारियों का जायजा लेने के लिए गुरुवार को पश्चिमी एयर कमान के तहत फ्रंटलाइन फाइटर बेस से उड़ान भरी। उन्होंने मल्टी-रोल एयरक्राफ्ट मिग-29 यूपीजी को अकेले उड़ाया और वायु सेना की लड़ाकू क्षमताओं का आकलन किया। एयर चीफ मार्शल सिंह 5,000 घंटे से ज्यादा उड़ान भरने वाले बहुत अनुभवी पायलट हैं, जिन्हें प्रायोगिक परीक्षण पायलट के तौर पर विशेषज्ञता और मिग-29 अपग्रेड प्रोजेक्ट में उनकी भूमिका के लिए जाना जाता है।
भारतीय वायु सेना ने अपने उन्नत मिग-29 यूपीजी लड़ाकू विमानों को श्रीनगर में तैनात किया है। 2019 में सर्जिकल स्ट्राइक के दौरान पाकिस्तानी हवाई हमले को देखते हुए यह तैनाती की गई है। इसी के साथ वायु सेना मिग-29 यूपीजी का कुल तकनीकी जीवन (टीटीएल) 10 वर्षों तक बढ़ाने की योजना बना रही है। अभी मिग-29 लड़ाकू विमानों का टीटीएल 40 साल है, जिसे दूसरा जीवन विस्तार देकर 50 साल किये जाने पर विचार किया किया जा रहा है। पहले से ही लड़ाकू स्क्वाड्रन की संख्या कम होने और बेड़े में शामिल होने वाले विमानों की धीमी प्रगति को देखते हुए मिग-29 के बेड़े को अधिकतम समय तक सेवा में प्रभावी रखना जरूरी हो गया है।
वायु सेना तीन स्क्वाड्रन में रूसी मूल के लगभग 66 मिग-29 लड़ाकू विमानों का संचालन करती है। नए एवियोनिक्स, राडार, मिसाइल, हथियार नियंत्रण प्रणाली और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध सूट के साथ एयरफ्रेम में संशोधन करने के बाद ही इनका नामकरण मिग-29 यूपीजी किया गया था। कारगिल युद्ध के दौरान वायु सेना ने मिग-29 का इस्तेमाल लड़ाकू मिराज-2000 को एस्कॉर्ट करने के लिए किया था, जिससे लेजर-निर्देशित बमों के साथ उच्च ऊंचाई वाले लक्ष्यों पर हमले लिए जा सके थे। चीन के साथ गतिरोध शुरू होने पर 2020 में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर चीनी विमानों का मुकाबला करने के लिए पूर्वी लद्दाख में भी मिग-29 को तैनात किया गया था।
वायु सेना के बेड़े से मिग-21 को देश की 62 साल बाद सेवा करने के बाद पिछले साल 24 सितंबर को विदा किया जा चुका है। उस दिन भी चंडीगढ़ एयर फोर्स स्टेशन पर विदाई समारोह में वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने लड़ाकू विमान मिग-21 में ‘बादल’ फॉर्मेशन में उड़ान भरी थी। इसके बाद आज फिर उन्होंने फ्रंटलाइन फाइटर बेस से मिग-29 यूपीजी में अकेले उड़ान भर कर पश्चिमी एयर कमान की ऑपरेशनल तैयारियों का रिव्यू किया। ———–
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal