नई दिल्ली : घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान उतार-चढ़ाव के बीच गिरावट का रुख बना हुआ है। आज के कारोबार की शुरुआत भी कमजोरी के साथ हुई थी। बाजार खुलते ही तेजड़ियों और मंदड़ियों के बीच एक दूसरे पर हावी होने की कोशिश शुरू हो गई, जिसकी वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल भी ऊपर नीचे होने लगी। सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 1.17 प्रतिशत और निफ्टी 1.24 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे।
प्रातः 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से हिंदुस्तान यूनिलीवर, पावर ग्रिड कॉरपोरेशन, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, आईटीसी और भारती एयरटेल के शेयर 1.09 प्रतिशत से लेकर 0.43 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, टाटा स्टील, लार्सन एंड टूब्रो, जेएसडब्ल्यू स्टील और इंटरग्लोब एवियशन के शेयर 3.10 प्रतिशत से लेकर 1.85 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,617 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 559 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 2,058 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 6 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 24 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 8 शेयर हरे निशान में और 42 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 590.20 अंक की कमजोरी के साथ 75,444.22 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली का दबाव बन जाने की वजह से थोड़ी ही देर में इस सूचकांक ने 75,316.86 अंक के स्तर तक गोता लगा दिया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे सेंसेक्स उछल कर 75,576.20 अंक के स्तर तक पहुंचने में सफल रहा। इसके बाद एक बार फिर बिकवाली शुरू हो जाने के कारण इस सूचकांक की चाल और कमजोर होती चला गई। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 891.28 अंक टूट कर 75,143.14 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 176.65 अंक लुढ़क कर 23,462.50 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही लिवालों और बिकवालों के बीच खींचतान शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में उतार-चढ़ाव होने लगा। खरीदारी के सपोर्ट से निफ्टी उछल कर 23,492.40 अंक तक पहुंचा। वहीं बिकवाली का दबाव बनने पर इसने 23,344.20 अंक के स्तर तक गोता भी लगा दिया। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 293.10 अंक की कमजोरी के साथ 23,346.05 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
इसके पहले पिछले कारोबारी दिन गुरुवार को सेंसेक्स 829.29 अंक यानी 1.08 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 76,034.42 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 227.70 अंक यानी 0.95 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,639.15 अंक के स्तर पर गुरुवार के कारोबार का अंत किया था।
—————
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal