पाकिस्तानी स्पिनर अबरार अहमद को टीम में लेने के बाद सनराइजर्स लीड्स का एक्स खाता निलंबित

नई दिल्ली : सनराइजर्स लीड्स का आधिकारिक एक्स खाता गुरुवार को कुछ ही घंटों में निलंबित कर दिया गया। यह कार्रवाई उस समय हुई जब फ्रेंचाइजी ने द हंड्रेड 2026 की नीलामी में पाकिस्तान के स्पिनर अबरार अहमद को अपनी टीम में शामिल किया।

 

अबरार अहमद इस प्रतियोगिता में किसी भारतीय स्वामित्व वाली फ्रेंचाइजी द्वारा चुने जाने वाले पहले पाकिस्तानी खिलाड़ी बन गए हैं। हालांकि इस फैसले के बाद सोशल मीडिया पर कई प्रशंसकों ने टीम के मालिक और फ्रेंचाइजी की आलोचना करते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी।

 

नीलामी में अबरार अहमद को 1 लाख 90 हजार पाउंड (करीब 2.3 करोड़ रुपये) में खरीदा गया था। इसके कुछ ही समय बाद सनराइजर्स लीड्स का आधिकारिक एक्स खाता निलंबित हो गया।

 

मंच की ओर से निलंबन का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया गया है, लेकिन खाते पर जाने पर संदेश दिखाई देता है कि यह खाता नियमों के उल्लंघन के कारण निलंबित कर दिया गया है।

 

इस बीच सन टीवी नेटवर्क ने हाल ही में द हंड्रेड की फ्रेंचाइजी, जो पहले नार्दर्न सुपरचार्जेस के नाम से जानी जाती थी, में हिस्सेदारी खरीदी है। कंपनी ने इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड से 49 प्रतिशत और यार्कशायर काउंटी क्रिकेट क्लब से से 51 प्रतिशत हिस्सेदारी लेकर लगभग 10 करोड़ पाउंड में टीम का अधिग्रहण किया।

 

नीलामी से पहले यह चर्चा थी कि आईपीएल फ्रेंचाइजी से जुड़ी टीमें पाकिस्तानी खिलाड़ियों पर बोली लगाने से बचेंगी, और नीलामी की शुरुआती प्रक्रिया भी इसी ओर इशारा कर रही थी। हालांकि बाद में अबरार अहमद को खरीदकर यह स्थिति बदल गई।

 

गौरतलब है कि पाकिस्तानी खिलाड़ी 2009 के बाद से इंडियन प्रीमियर लीग में नहीं खेले हैं और दुनियाभर की टी20 लीगों में निवेश करने वाले आईपीएल फ्रेंचाइजी मालिक आम तौर पर पाकिस्तान के खिलाड़ियों को टीम में शामिल करने से बचते रहे हैं।

 

नीलामी में पाकिस्तान के एक और खिलाड़ी उस्मान तारिक को बर्मिंघम फोनिक्स ने 1 लाख 40 हजार पाउंड में खरीदा।

 

वहीं सैम अयूब, हारिस रऊफ और शादाब खान जैसे कई खिलाड़ी बिना बिके रह गए।

 

सनराइजर्स लीड्स की टीम की कप्तानी हैरी ब्रूक कर रहे हैं, जबकि कोच की जिम्मेदारी डेनियल विटोरी के पास है। नीलामी के शुरुआती चरण में टीम ने दक्षिण अफ्रीका के रयान रिकेल्टन, इंग्लैंड के जैक क्रॉली, मैट पॉट्स और डैन लॉरेंस को भी टीम में शामिल किया। टीम में पहले से ब्रायडन कार्स, मिशेल मार्श और नाथन एलिस जैसे खिलाड़ी मौजूद हैं।

 

द हंड्रेड 2026 का आयोजन 21 जुलाई से 16 अगस्त तक होगा, जिसमें पुरुष और महिला वर्ग में 34-34 मुकाबले खेले जाएंगे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com