इंडियन वेल्स : आर्यना सबालेंका फाइनल में, लिंडा नोस्कोवा को सीधे सेटों में हराया

इंडियन वेल्स (कैलिफोर्निया) : विश्व की नंबर एक टेनिस खिलाड़ी आर्यना सबालेंका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंडियन वेल्स मास्टर्स 2026 के महिला एकल फाइनल में जगह बना ली। सबालेंका ने सेमीफाइनल में 14वीं वरीयता प्राप्त लिंडा नोस्कोवा को 6-3, 6-4 से हराकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया।

 

कैलिफोर्निया के रेगिस्तानी शहर में खेले जा रहे इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में सबालेंका का यह तीसरा फाइनल है। वह इस प्रतियोगिता का अपना पहला खिताब जीतने के लक्ष्य के साथ उतरेंगी।

 

सबालेंका इस सत्र में शानदार लय में हैं। उन्होंने वर्ष के शुरुआती 16 मुकाबलों में से 15 में जीत दर्ज की है। उनकी एकमात्र हार एलेना राइबाकिना के खिलाफ ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 के फाइनल में हुई थी।

 

खिताबी मुकाबले में सबालेंका का सामना राइबाकिना से फिर हो सकता है, यदि कजाख खिलाड़ी सेमीफाइनल में एलीना स्वितोलिना को पराजित कर देती हैं।

 

मैच में सबालेंका ने शुरुआत से ही दबदबा बनाया। पहले सेट में उन्होंने 3-1 की बढ़त लेते हुए नोस्कोवा की सर्विस तोड़ी और बाद में 5-1 की स्थिति बना ली। हालांकि नोस्कोवा ने एक बार सबालेंका की सर्विस ब्रेक कर वापसी की कोशिश की, लेकिन शीर्ष वरीय खिलाड़ी ने 5-3 पर ऐस लगाकर पहला सेट अपने नाम कर लिया।

 

दूसरे सेट के शुरुआती गेम में ही सर्विस ब्रेक सबालेंका के लिए निर्णायक साबित हुआ। 21 वर्षीय नोस्कोवा को वापसी का एक मौका मिला, लेकिन वह उसे भुना नहीं सकीं और सबालेंका ने 6-4 से सेट और मैच जीत लिया।

 

मैच के बाद सबालेंका ने कहा कि इस मुकाबले में उनकी सर्विस सबसे बड़ा हथियार रही। उन्होंने कहा, “नोस्कोवा बेहतरीन खिलाड़ी हैं। मुझे पता था कि यदि उन्हें थोड़ा भी मौका मिला तो वह उसका फायदा उठा सकती हैं।”

 

सबालेंका के करियर का यह 14वां डब्ल्यूटीए 1000 फाइनल होगा और वह अब इंडियन वेल्स में अपने पहले खिताब से सिर्फ एक कदम दूर हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com