जेएसडब्ल्यू स्टील मोजाम्बिक में कोकिंग कोयला खदान करेगी विकसित

नई दिल्ली : निजी क्षेत्र की एकीकृत इस्पात निर्माता कंपनी जेएसडब्ल्यू स्टील अफ्रीकी देश मोजाम्बिक में कोयले की एक खदान (मिनास डी रेवुबोए) को विकसित करने जा रही है। कंपनी ने एक बयान में यह जानकारी दी।

 

कंपनी के बयान के अनुसार यह काम अलग-अलग चरणों में पूरा किया जाएगा। यह खदान मोजाम्बिक के टेते प्रांत के मोआटाइज कोयला क्षेत्र में स्थित है। इस खदान में कुल 85 करोड़ टन कोयले का भंडार है, जिसमें से 25 करोड़ टन कोकिंग कोल निकल सकता है। जेएसडब्ल्यू स्टील ने कहा कि वह इस खदान को कई चरणों में विकसित करेगी। पहले चरण का विकास अगले लगभग ढाई साल में पूरा करने की योजना है। इसके बाद खदान से हर साल करीब 24 लाख टन उच्च गुणवत्ता वाले कोकिंग कोयले का उत्पादन किया जा सकेगा।

 

यह परियोजना कंपनी की उस योजना का हिस्सा है जिसके तहत वह इस्पात बनाने के लिए जरूरी कच्चे माल की व्यवस्था खुद करना चाहती है। इससे इस्पात विनिर्माण में उपयोग होने वाले सबसे महत्वपूर्ण और महंगे कच्चे माल में से एक की लंबे समय तक स्थिर आपूर्ति सुनिश्चित होने की उम्मीद है।

 

उल्लेखनीय है कि भारत में अच्छी गुणवत्ता वाले कोकिंग कोयले के भंडार बहुत कम हैं। इसलिए भारतीय इस्पात कंपनियों के लिए विदेशों में अपनी खदानों के माध्यम से कोयले की व्यवस्था करना जरूरी हो गया है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com