उड़ गई छत, टूट गए खिड़की-दरवाजें… फर्रुखाबाद में पूर्व MLA विजय सिंह के घर में धमाका, दो बेटों समेत 6 लोग घायल

Farrukhabad : मंगलवार शाम उत्तर प्रदेश के फरूखाबाद जिले के कोतवाली सदर थाना क्षेत्र के मछरट्टा इलाके में एक बड़े धमाके ने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है। इस हादसे में पूर्व विधायक विजय सिंह के आवास पर जोरदार विस्फोट हुआ, जिसके कारण घर का बेसमेंट पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, छत उड़ गई, खिड़कियां और दरवाजे टूट गए। इस धमाके के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी फैल गई और लोग सकते में आ गए।

 

यह घटना मंगलवार शाम लगभग 7:30 बजे की है। विस्फोट इतना तेज था कि घर का बेसमेंट ध्वस्त हो गया और घर की संरचना को भारी नुकसान पहुंचा। इस धमाके में पूर्व विधायक विजय सिंह के दो पुत्रों समेत कुल छह लोग घायल हो गए। घायलों में पूर्व विधायक के पुत्र अभिषेक सिंह उर्फ़ सिक्की और अविनाश सिंह उर्फ़ विक्की गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें तुरंत ही निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा, नूरपुर के पूर्व प्रधान भैयालाल चौहान, रासू मिश्रा, ईशु चौरसिया और रामवीर सिंह भी घायल हुए हैं।

 

वहीं, हादसे के समय पूर्व विधायक की पत्नी दमयन्ती घर में मौजूद थीं, लेकिन वह पूरी तरह सुरक्षित हैं। पूरे परिवार का इलाज अस्पताल में चल रहा है।

 

हादसे की खबर मिलते ही जिलाधिकारी आशुतोष कुमार, एसएसपी फोर्स सहित अन्य उच्च अधिकारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने तुरंत ही घटनास्थल का निरीक्षण किया और बचाव एवं राहत कार्य शुरू कर दिए। घर को सील कर दिया गया है और फोरेंसिक टीम तथा बम स्क्वायड ने मौके से नमूने एकत्र किए हैं। घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी कब्जे में ले लिया गया है।

 

प्रारंभिक जांच में यह माना जा रहा है कि धमाके का कारण गैस सिलेंडर फटने या सीवर टैंक फटने से हो सकता है। अधिकारियों का कहना है कि अभी इस हादसे की वजह स्पष्ट नहीं है और जांच जारी है। घर में मौजूद सुरक्षात्मक उपकरणों और साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है।

 

बता दें कि विजय सिंह इस समय वाराणसी जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहे हैं। वे समाजवादी पार्टी से विधायक रह चुके हैं और वर्तमान में बीजेपी से जुड़े हुए हैं। उन्हें ब्रह्मदत्त द्विवेदी की हत्या के मामले में सजा मिली है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com