Gorakhpur : उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में पूर्व पार्षद प्रतिनिधि राजकुमार चौहान की हत्याकांड में पुलिस ने बुधवार को खुलासा कर दिया।
पुलिस ने मुख्य आरोपी राज चौहान और विपिन यादव को सीसीटीवी कैमरे में आई फुटेज के आधार पर गिरफ्तार किया है। वहीं,परिजनों द्वारा नामजद किए गए अन्य आरोपितों को हिरासत में लेकर पुलिस गहन पूछताछ कर रही है।
एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हत्या पुरानी रंजिश में अंजाम दी गई है।मृतक के भतीजे और आरोपितों के बीच पहले से विवाद हुआ था, जो इस घटना का कारण बना। इसी विवाद के चलते राज चौहान और विपिन यादव ने मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे 8 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली,जिसके आधार पर आरोपितों की पहचान सुनिश्चित की गई। इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है। मामले में मृतक के परिजनों द्वारा कुल 8 लोगों को नामजद करते हुए तहरीर दी गई थी, जिसमें दीपक गौड़, धर्मदेव चौहान, लालजी यादव उर्फ गुड्डू यादव, धर्मपाल चौहान, अमर सिंह चौधरी, मोनू पांडे, सतेंद्र चौधरी, टिल्लू और अभय पांडे समेत अन्य के नाम शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि किसी भी दोषी को छोड़ा न जाए।
डीएम ने कहा, मांगों पर तेजी से हो रही कार्रवाई भाजपा नेता राजकुमार चौहान की हत्या से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, सुरक्षा, आर्थिक सहायता और बच्चों की पढ़ाई को लेकर कई महत्वपूर्ण मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं।
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कदम उठाए हैं। उन्होंने बताया कि परिजनों की सुरक्षा की मांग को प्राथमिकता देते हुए तत्काल पुलिस सुरक्षा उपलब्ध करा दी गई है, ताकि परिवार स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सके।
आर्थिक सहायता और नौकरी की मांग पर भी प्रशासन ने तेजी दिखाई है। जिलाधिकारी के अनुसार, संबंधित प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है, जिस पर जल्द निर्णय लिए जाने की उम्मीद है। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि पीड़ित परिवार को हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि उनकी पढ़ाई किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होने दी जाएगी। वे जिस विद्यालय में अध्ययनरत हैं, वहीं उनकी शिक्षा सुचारू रूप से जारी रहेगी और प्रशासन हर स्तर पर सहयोग करेगा।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal