नई दिल्ली। एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप 2026 के लिए आधिकारिक पूल ड्रॉ और शेड्यूल जारी होने के बाद भारतीय पुरुष हॉकी टीम के मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने टीम के आगे के सफर को लेकर आत्मविश्वास और स्पष्टता जताई है। उन्होंने कहा है कि हर खिलाड़ी प्रेरित है और जीतने के लिए बेताब है।
भारत को पूल डी में रखा गया है, जहां उसका मुकाबला शीर्ष वरीयता प्राप्त इंग्लैंड, चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान और मजबूत वेल्स टीम से होगा। इस ग्रुप के सभी मुकाबले नीदरलैंड्स के एम्सटेलवीन स्थित वैगेनर हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे।
ड्रॉ पर प्रतिक्रिया देते हुए फुल्टन ने टीम की तैयारी पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि हम उत्साहित हैं। यह एक मजबूत ग्रुप है, लेकिन विश्व कप में आप यही चाहते हैं, सर्वश्रेष्ठ टीमों के खिलाफ खुद को परखना।
कोच ने कहा कि कैंप में माहौल बहुत ही सकारात्मक है।खिलाड़ी प्रेरित और जीतने के लिए बेताब हैंऔर अब जब हमें अपने प्रतिद्वंद्वियों के बारे में पता है, तो हमें अपनी तैयारी में स्पष्टता और ध्यान केंद्रित करने में मदद मिलेगी।
पूल डी में मौजूद टीमों की अलग-अलग चुनौतियों का विश्लेषण करते हुए मुख्य कोच ने कहा कि इंग्लैंड एक संगठित और शारीरिक रूप से मजबूत टीम है, जो हमारे हमारे पूल में शीर्ष वरीयता प्राप्त है। पाकिस्तान को कभी हल्के में नहीं लिया जा सकता। वहीं वेल्स अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बना रहा है और पूरे जोश व दृढ़ता के साथ उतरेगा। उन्होंने कहा कि हम इस पूल में हर विरोधी का सम्मान करते हैं, लेकिन उन सभी के खिलाफ हमें खुद पर पूरा भरोसा है।
कोच फुल्टन ने आगे कहा कि इस पूल में हर प्रतिद्वंदी की अपनी अलग-अलग ताकतें हैं, इसलिए तैयारी सोच-समझकर और विस्तार से की जाएगी।
उन्होंने कहा कि हम मैदान पर उतरकर भारत को गौरवान्वित करना चाहते हैं। खिलाड़ियों को पता है कि इस जर्सी का क्या महत्व है और प्रशंसक हमसे क्या उम्मीद करते हैं। समर्थकों के लिए मेरा संदेश सीधा-सा है – हमारा साथ दें, एक-एक मैच करके। चक दे इंडिया!
भारतीय टीम 15 अगस्त को वेल्स के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेगी।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal