दिनेश कार्तिक के घर गूंजी किलकारी, पत्नी दीपिका पल्लीकल ने बेटी को दिया जन्म

पूर्व भारतीय क्रिकेटर दिनेश कार्तिक और उनकी पत्नी दीपिका पल्लीकल तीसरे बच्चे के माता-पिता बन गए हैं। दीपिका ने एक बेटी को जन्म दिया है, जिसका नाम राहा (Raaha) रखा गया है। इस खुशखबरी की जानकारी कार्तिक और दीपिका ने सोशल मीडिया पर एक संयुक्त पोस्ट के जरिए फैंस को दी। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “दिल में दुआएं और शब्दों से परे शुक्रिया के साथ, हम खुशी-खुशी अपनी प्यारी बच्ची का इस दुनिया में स्वागत करते हैं। कबीर और जियान अपनी छोटी बहन को इंट्रोड्यूस करने के लिए बहुत एक्साइटेड हैं।”

 

कार्तिक और दीपिका के घर पहले से ही जुड़वाँ बेटे हैं, जियान और कबीर, जो 28 अक्टूबर, 2021 को जन्मे थे। बेटी राहा के जन्म पर क्रिकेट जगत और उनके फैंस ने उन्हें ढेरों बधाइयां दी। इस मौके पर विराट कोहली ने भी सोशल मीडिया पोस्ट पर दिल वाला इमोजी शेयर कर शुभकामनाएं दीं। इसके अलावा, क्रुणाल पांड्या की पत्नी पंखुड़ी शर्मा और जसप्रीत बुमराह की पत्नी संजना गणेसन ने भी उन्हें बधाई दी। दिनेश कार्तिक आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेल चुके हैं और वर्तमान में इसी टीम के कोचिंग डिपार्टमेंट का हिस्सा हैं।

 

व्यक्तिगत जीवन की बात करें तो दीपिका कार्तिक की दूसरी पत्नी हैं। पहली पत्नी से तलाक के बाद कार्तिक ने 2015 में दीपिका से शादी की थी। दीपिका एक पेशेवर स्क्वैश प्लेयर हैं।

 

क्रिकेट करियर की बात करें तो 40 वर्षीय दिनेश कार्तिक ने अपने 18 साल के अंतरराष्ट्रीय करियर में 26 टेस्ट, 94 वनडे और 60 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। इन मैचों में उन्होंने क्रमशः 1025, 1752 और 686 रन बनाए। उन्होंने लीग क्रिकेट समेत कुल 415 टी20 मैचों में 7557 रन बनाए, जिसमें 35 अर्धशतकीय पारियां शामिल हैं। इंटरनेशनल क्रिकेट में उनके नाम एकमात्र टेस्ट शतक भी दर्ज है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com