Unnao Murder : उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के अजगैन थाना क्षेत्र के चमरौली गांव में एक सनसनीखेज और खौफनाक घटना सामने आई है, जिसने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है। यहां एक पत्नी ने अपने ही पति की हत्या के लिए खतरनाक साजिश रची और अपने पति को रास्ते से हटाने के लिए 40 हजार रुपये की सुपारी दी। इस जघन्य अपराध का खुलासा तब हुआ जब पुलिस ने शव बरामद किया और जांच के दौरान साजिश का पर्दाफाश किया गया।
मामला 19 मार्च का है, जब अजगैन थाना क्षेत्र के चमरौली गांव के पास एक खेत में श्रीकांत लोध (35 वर्ष) का शव मिला। शव के हाथ पीछे बंधे हुए थे और उसकी गर्दन पर चोट के निशान थे, जिससे स्पष्ट था कि उसकी हत्या गला घोंटकर या बेरहमी से की गई है। मृतक की मां की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस की सर्विलांस टीम ने जब शक के आधार पर मृतक की पत्नी सुखरानी से पूछताछ की और कॉल डिटेल्स खंगालीं, तो सच का खुलासा हो गया। सुखरानी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए दो सुपारी किलर्स- अंकित यादव और मोहित सिंह के नाम भी उगल दिए।
सुखरानी ने बताया कि उसके पति श्रीकांत अक्सर शराब पीकर घर आता था और उससे मारपीट करता था। इसके अलावा, उसके पति की एक दूसरी महिला से अवैध संबंध भी थे, जो सुखरानी को बहुत परेशान कर रहे थे। इस बात से तंग आकर उसने 17 मार्च को अपने पति की हत्या की योजना बनाई।
सुखरानी ने मोहित और अंकित से संपर्क किया और कहा कि वह उनके बदले 40,000 रुपये देगी। उसकी योजना थी कि 17 मार्च की रात को वह पति को गेहूं के खेत के पास ले जाएगी। जैसे ही वह वहां पहुंची, पहले से घात लगाए हुए अंकित और मोहित ने श्रीकांत को दबोच लिया। उसकी आंखों के सामने ही उसके पति के हाथ बांधे गए और फिर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई।
पुलिस ने जब शव का पोस्टमार्टम कराया, तो पता चला कि उसकी गर्दन पर घाव और चोट के निशान थे, जो हत्या का संकेत दे रहे थे। अभी पुलिस ने आरोपी दोनों सुपारी किलर्स को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal