न्यूजीलैंड महिला टीम ने चौथे टी-20 में दक्षिण अफ्रीका को 6 विकेट से हराया, सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त

वेलिंगटन (न्यूजीलैंड) : न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम ने पांच मैचों की टी-20 सीरीज के चौथे मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका महिला टीम को छह विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ मेजबान टीम ने सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त बना ली है। सीरीज का आखिरी मैच 25 मार्च को क्राइस्टचर्च के हैगली ओवल में खेला जाएगा।

 

वेलिंगटन में रविवार को खेले गए मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका ने 20 ओवर में छह विकेट पर 159 रन बनाए। टीम के लिए सबसे ज्यादा रन एनेरी डर्कसेन ने बनाए। उन्होंने 32 गेंदों में नाबाद 55 रन की पारी खेली। उनकी इस पारी में आठ चौके और एक छक्का शामिल था। डर्कसेन के अलावा सलामी बल्लेबाज सुने लूस ने 29 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 30 रन बनाए। इनके अलावा नादिन डी क्लर्क 20 रन, क्लो ट्रायोन ने 14 रन, कायला रेनेके ने 13 रन और कप्तान लॉरा वोल्वार्ड्ट ने 10 रन का योगदान दिया।

 

न्यूजीलैंड की ओर से जेस केर ने चार ओवर में 16 रन देकर तीन विकेट झटके। कप्तान अमेलिया केर और सोफी डिवाइन को एक-एक सफलता मिली।

 

160 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। विकेटकीपर बल्लेबाज इसाबेला गेज 6 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद जॉर्जिया प्लिमर और कप्तान अमेलिया केर ने पारी को आगे बढ़ाया। जॉर्जिया ने जहां 22 गेंदों में पांच चौकों की मदद से 29 रन बनाए, वहीं कप्तान केर ने 29 गेंदों में चार चौकों की मदद से 31 रन की पारी खेली। इन दोनों का विकेट गिरने के बाद अनुभवी सोफी डिवाइन ने एक बार फिर शानदार बल्लेबाजी कर टीम को जीत दिला दी। उन्होंने 34 गेंदों पर चार छक्कों और छह चौकों की मदद से 64 रनों की विस्फोटक पारी खेली। ब्रूक हैलिडे 16 और मैडी ग्रीन 09 रन बनाकर नाबाद रहीं। डिवाइन की पारी के दम पर न्यूजीलैंड ने यह लक्ष्य 18.3 ओवर में हासिल कर लिया।

 

दक्षिण अफ्रीका की ओर से क्लो ट्रायोन ने दो विकेट लिए, जबकि डर्कसेन और एन म्लाबा को एक-एक विकेट मिला।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com