बेंगलुरु में आईपीएल मैच: सुरक्षा के लिए एआई तकनीक, टिकट की बिक्री शुरू

बेंगलुरु : इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 सीजन के आगाज से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) प्रबंधन ने मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सुरक्षा, टिकट व्यवस्था और टीम की तैयारियों को लेकर विस्तृत जानकारी साझा की।

 

प्रेस वार्ता में उपाध्यक्ष राजेश मेनन ने राज्य सरकार के सहयोग के लिए आभार जताते हुए कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार और गृह मंत्री जी. परमेश्वर के मार्गदर्शन में सभी सुरक्षा इंतजाम कड़ाई से लागू किए गए हैं।

 

उन्होंने बताया कि इस बार एम. चिन्नस्वामी स्टेडियम में सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता दी गई है। स्टेडियम के अंदर और बाहर सीसीटीवी के साथ एआई आधारित कैमरे लगाए गए हैं, जो भीड़भाड़ वाले इलाकों की पहचान कर तुरंत अलर्ट देंगे। इसके अलावा दो कंट्रोल सेंटर स्टेडियम परिसर में और एक पुलिस आयुक्त कार्यालय में स्थापित किया गया है।

 

टिकट व्यवस्था को लेकर जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि टिकटों की बिक्री मंगलवार शाम से शुरू हो गई है। मेट्रो कनेक्टिविटी से लिंक करने की व्यवस्था के कारण इसमें थोड़ी देरी हुई। दर्शकों के लिए टिकट के साथ पार्किंग बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। मैच शुरू होने से चार घंटे पहले ही स्टेडियम में प्रवेश दिया जाएगा, जबकि आसपास के क्षेत्रों में वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने फैंस से अपील की कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट से ही टिकट खरीदें।

 

इस मौके पर पिछले वर्ष हुई भगदड़ में जान गंवाने वाले 11 प्रशंसकों को श्रद्धांजलि देने की भी घोषणा की गई। टीम के खिलाड़ी अभ्यास के दौरान 11 नंबर की जर्सी पहनेंगे और स्टेडियम में 11 सीटें खाली रखी जाएंगी, ताकि दिवंगत प्रशंसकों को सम्मान दिया जा सके।—————–

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com