लखीमपुर खीरी के शारदा बैराज में ‘टेंट सिटी’ से खुलेगा पर्यटन के नए युग का द्वार

लखनऊ/लखीमपुर: लखीमपुर खीरी का शारदा बैराज अब पर्यटन मानचित्र पर बड़ी छलांग लगाने की तैयारी में है। उत्तर प्रदेश ईको टूरिज्म डेवलपमेंट बोर्ड (यूपीईटीडीबी) यहां 2.67 एकड़ क्षेत्र में निजी सहभागिता से टेंट सिटी विकसित करने जा रहा है, जिसके लिए निविदा प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। सरकार की योजना प्रकृति की गोद में बसे इस खूबसूरत स्थल को ‘एकोमोडेशन एंड वेलनेस टूरिज्म डेस्टिनेशन’ के रूप में विकसित कर पर्यटकों के लिए नया आकर्षण केंद्र बनाने की है।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि ‘लखीमपुर खीरी स्थित शारदा बैराज को जल्द ही एक प्रमुख पर्यटन हब के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि तहसील सदर ग्राम कोठिया के निकट करीब 2.67 एकड़ भूमि पर आकर्षक टेंट सिटी विकसित की जाएगी, जो पर्यटकों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बनेगी। दुधवा नेशनल पार्क के करीब स्थित इस जगह को आधुनिक वेलनेस सुविधाओं से जोड़ने की योजना है, ताकि यहां आने वाले सैलानी प्राकृतिक सौंदर्य के बीच बेहतर स्वास्थ्य और शांत वातावरण का अनूठा अनुभव प्राप्त कर सकें। सरकार की इस पहल से न सिर्फ पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि क्षेत्रीय विकास और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।’

टेंट सिटी से इको-टूरिज्म को विशिष्ट पहचान 
अधिकारियों के मुताबिक, यह क्षेत्र दुधवा नेशनल पार्क और कतर्नियाघाट वन्यजीव अभ्यारण्य के मध्य स्थित है, जिससे इसकी पर्यटन संभावनाएं और बढ़ जाती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश ईको टूरिज्म डेवलपमेंट बोर्ड ग्राम कोठिया में टेंट सिटी विकसित करने की योजना पर काम कर रहा है, ताकि यहां आने वाले पर्यटकों को प्रकृति के बीच ठहरने का अनूठा अनुभव मिल सके। बोर्ड का प्रयास इस खूबसूरत स्थल को ‘एकोमोडेशन एंड वेलनेस टूरिज्म डेस्टिनेशन’ के रूप में विकसित करना है।

निविदाएं आमंत्रित 
उ०प्र० ईको टूरिज्म विकास बोर्ड द्वारा निजी सहभागिता से टेंट सिटी विकसित करने के लिए निविदाएं आमंत्रित की हैं। निविदा जमा करने की अंतिम तारीख 30 अप्रैल 2026 शाम 06:00 बजे तक है। इच्छुक आवेदनकर्ता विशेष जानकारी के लिए upetdb@gmail पर संपर्क कर सकते हैं या www.upecoboard.up.gov.in/en/tenders पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। ई-टेंडर पोर्टल http://etender.up.nic.in पर निविदाएं ऑनलाइन आमंत्रित की गई हैं, जहां इच्छुक फर्म/एजेंसियां निर्धारित समय अवधि के भीतर आवेदन कर सकते हैं।

वेलनेस आधारित जीवन शैली समय की मांग- मंत्री 
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि ‘वर्तमान तेज रफ्तार जिंदगी में लोग फिर से प्रकृति, आयुर्वेद और वेलनेस आधारित जीवन शैली की ओर लौट रहे हैं। इसी बदलते रुझान को देखते हुए उत्तर प्रदेश में एक सुदृढ़ ‘एकोमोडेशन एंड वेलनेस टूरिज्म डेस्टिनेशन’ के रूप में विकसित करना समय की मांग बन चुका है। हमारा उद्देश्य राज्य के प्रमुख प्राकृतिक स्थलों को आधुनिक वेलनेस सुविधाओं से जोड़कर ऐसा वातावरण तैयार करना है, जहां पर्यटकों को बेहतर स्वास्थ्य, शांति और प्रकृति के बीच विशिष्ट अनुभव, सब कुछ एक ही जगह मिल सके।’

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com