2 अप्रैल बनेगा खास दिन, ‘रामायण’ में ‘राम’ का भव्य अवतार आएगा सामने

रामायण साल 2026 की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल है, जिसे एक भव्य ग्लोबल सिनेमाई स्पेक्टेकल के रूप में तैयार किया जा रहा है। नितेश तिवारी के निर्देशन और नमित मल्होत्रा के प्रोडक्शन में बन रही यह महाकाव्य फिल्म दो भागों में रिलीज होगी। फिल्म को अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिएटिव टैलेंट के साथ तैयार किया जा रहा है, जिससे इसे एक ऐतिहासिक सिनेमाई इवेंट माना जा रहा है।

 

राम नवमी के शुभ अवसर पर नमित मल्होत्रा ने सोशल मीडिया पर एक भावुक नोट शेयर करते हुए फिल्म को लेकर बड़ा अपडेट दिया। उन्होंने बताया कि ‘रामायण’ केवल एक कहानी नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ी धरोहर है, जिसे पूरी जिम्मेदारी और श्रद्धा के साथ जीवंत किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने यह भी घोषणा की कि 2 अप्रैल, हनुमान जयंती के दिन फिल्म से ‘राम’ की अगली झलक का भव्य वर्ल्ड रिवील किया जाएगा।

 

करीब 5,000 साल पुरानी पौराणिक पृष्ठभूमि पर आधारित रामायण को आधुनिक तकनीक और इमर्सिव स्टोरीटेलिंग के साथ पेश किया जा रहा है। फिल्म का पहला लुक पहले ही दुनियाभर में चर्चा बटोर चुका है, जिसमें भारत के कई शहरों के साथ न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर पर भी इसकी झलक दिखाई गई थी। मेकर्स इसे सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक वैश्विक सांस्कृतिक उत्सव के रूप में पेश करने की तैयारी में हैं।

 

फिल्म की स्टारकास्ट भी इसे खास बनाती है। रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे। यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स के सहयोग से बन रही यह फिल्म आईमैक्स पर रिलीज होगी, जिसका पहला भाग दिवाली 2026 और दूसरा भाग दिवाली 2027 में सिनेमाघरों में आएगा।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com