टाइगर वुड्स डीयूआई मामले में गिरफ्तार, कुछ घंटों बाद जमानत पर रिहा

जुपिटर आइलैंड (फ्लोरिडा) : दिग्गज गोल्फर टाइगर वुड्स को ड्राइविंग अंडर द इन्फ्लुएंस (संदिग्ध हालत में गाड़ी चलाना) के आरोप में शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया, हालांकि कुछ ही घंटों बाद उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया।

 

अधिकारियों के अनुसार वुड्स अपनी लैंड रोवर कार को रिहायशी इलाके में तेज गति से चला रहे थे, तभी उनकी गाड़ी एक ट्रक से टकराकर पलट गई। हादसे के बाद उनमें नशे या किसी तरह के प्रभाव के लक्षण दिखाई दिए।

 

मार्टिन काउंटी के शेरिफ जॉन बुडेन्सीक ने बताया कि वुड्स ने ब्रेथएनालाइजर टेस्ट दिया, जिसमें शराब के सेवन के संकेत नहीं मिले। हालांकि उन्होंने यूरिन टेस्ट कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। जांच में यह भी आशंका जताई गई है कि उन्होंने कोई दवा या अन्य पदार्थ लिया हो।

 

फ्लोरिडा कानून के तहत वुड्स को जमानत से पहले कम से कम आठ घंटे जेल में रहना अनिवार्य था। इस दौरान उन्हें अन्य कैदियों से अलग रखा गया। अधिकारियों ने बताया कि हादसे में वुड्स को कोई चोट नहीं आई। वहीं, उनके मैनेजर की ओर से इस मामले पर तुरंत कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई।

 

यह दूसरी बार है जब वुड्स को शराब के अलावा किसी अन्य कारण से डीयूआई के मामले में गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले 2017 में भी वह अपनी कार में सोते हुए पाए गए थे, जब उन्होंने दर्द निवारक दवाओं के गलत मिश्रण का सेवन किया था और बाद में लापरवाह ड्राइविंग का दोष स्वीकार किया था। फिलहाल इस मामले की जांच जारी है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com